Nepal-India-Sri Lanka: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले एक बड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए Narcotics Control Bureau (एनसीबी) ने करीब 10 करोड़ रुपये की नशीली दवाएं जब्त की हैं। जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क नेपाल, भारत और श्रीलंका तक फैला हुआ था। कार्रवाई के दौरान 77.60 किलोग्राम हैशिश ऑयल और 2 किलोग्राम चरस बरामद की गई। इसके साथ ही दो कार, एक मोटरसाइकिल और एक मछली पकड़ने वाली नाव भी जब्त की गई है। इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक श्रीलंकाई शरणार्थी भी शामिल है।
कई राज्यों में कार्रवाई
एनसीबी की चेन्नई जोनल यूनिट ने हैदराबाद जोनल टीम के साथ मिलकर बहु-राज्यीय अभियान चलाया। इस संयुक्त कार्रवाई के जरिए ऐसे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ, जो नेपाल से नशीले पदार्थ भारत लाकर समुद्री रास्ते से श्रीलंका भेजने की योजना बना रहा था।
नेपाल से भारत तक सप्लाई
जांच के अनुसार 3 मार्च 2026 को तेलंगाना में बेंगलुरु–हैदराबाद हाईवे के पास एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। कार में बने गुप्त खानों से 2 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि यह खेप नेपाल के काठमांडू से भारत-नेपाल सीमा के रास्ते भारत लाई गई थी।
यह भी देखेंःWar intensifies in Middle East: मिडिल ईस्ट में जंग तेज, ईरान-अमेरिका टकराव से बढ़ा वैश्विक तनाव
श्रीलंका भेजने की तैयारी
तस्करों ने हैशिश ऑयल की बड़ी खेप तमिलनाडु के तूतीकोरिन इलाके में पहुंचा दी थी। योजना थी कि समुद्र के बीच मिड-सी ट्रांसफर के जरिए इसे श्रीलंका भेजा जाए। इस दौरान एक फिशिंग बोट का इस्तेमाल किया जाना था, जिसे कार्रवाई के दौरान जब्त कर लिया गया।
जांच जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन श्रीलंका से किया जा रहा था। वहां बैठा एक व्यक्ति तस्करी के लिए वित्तीय मदद और समन्वय कर रहा था। एनसीबी अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके वित्तीय लेनदेन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहन जांच कर रही है।