नए साल 2026 की शुरुआत आम लोगों के लिए राहत भरी खबर लेकर आ रही है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड ने CNG और PNG के टैरिफ में बड़ा बदलाव किया है। इस फैसले के बाद देशभर में CNG और घरेलू PNG की कीमतों में 2 से 3 रुपये प्रति यूनिट तक की कमी आने की उम्मीद है। लंबे समय से बढ़ती ईंधन लागत से परेशान उपभोक्ताओं के लिए यह फैसला सीधे तौर पर जेब को सुकून देने वाला माना जा रहा है।
जोन सिस्टम में बड़ा बदलाव
PNGRB ने गैस टैरिफ की जटिल व्यवस्था को आसान बना दिया है। पहले दूरी के आधार पर टैरिफ को तीन जोन में बांटा गया था, लेकिन अब इसे घटाकर केवल दो जोन कर दिया गया है। नए नियमों के तहत देशभर के CNG और घरेलू PNG उपभोक्ताओं को जोन-1 में रखा गया है। इस जोन के लिए टैरिफ ₹54 तय किया गया है, जो पहले ₹80 से ₹107 तक था। इस बदलाव का सीधा असर कीमतों पर पड़ेगा और उपभोक्ताओं को हर यूनिट पर राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ें : PF से पैसा निकालना अब मिनटों का काम, जानिए सबसे आसान तरीका
किन लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
इस नए टैरिफ ढांचे का लाभ देश की 40 सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के अंतर्गत आने वाले 312 भौगोलिक क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मिलेगा। CNG से चलने वाली कारों, ऑटो और बसों का रोजाना खर्च कम होगा। वहीं घरों में PNG इस्तेमाल करने वाले परिवारों के मासिक बजट पर भी इसका सकारात्मक असर पड़ेगा। खासतौर पर मध्यम वर्ग और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है।
कंपनियों पर रहेगी सख्त निगरानी
PNGRB ने साफ कहा है कि टैरिफ में की गई कटौती का पूरा फायदा उपभोक्ताओं तक पहुंचना चाहिए। बोर्ड की ओर से इस बात की निगरानी की जाएगी कि गैस कंपनियां कीमतों में कमी करें और इसका लाभ सीधे ग्राहकों को दें। इसके साथ ही कई राज्यों ने VAT घटाने और अनुमति प्रक्रियाओं को आसान करने के कदम उठाए हैं, जिससे गैस इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार तेजी से हो रहा है। माना जा रहा है कि इन फैसलों से आने वाले समय में CNG और PNG को और ज्यादा किफायती बनाया जा सकेगा।