FASTag Local Pass : टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों के लिए NHAI ने बड़ी राहत दी है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने देशभर के 121 टोल प्लाजा पर ऑनलाइन FASTag Local Pass की सुविधा शुरू कर दी है। अब पात्र वाहन मालिकों को लोकल पास बनवाने के लिए बार-बार टोल प्लाजा जाकर दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के मुताबिक, यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकेगी।
घर बैठे ऐसे मिलेगा Local Pass
योग्य यात्री ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के जरिए मासिक FASTag Local Pass के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए टोल प्लाजा पर जाकर दस्तावेजों का मैन्युअल वेरिफिकेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए आवेदक की जरूरी जानकारी जांची जाएगी और पात्र पाए जाने पर पास जारी किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों का समय बचने के साथ टोल व्यवस्था भी ज्यादा आसान होने की उम्मीद है।
20 किलोमीटर के दायरे वालों को फायदा
इस सुविधा का लाभ उन लोगों को मिलेगा, जिनका निवास किसी योग्य टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में आता है। आवेदक ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप के जरिए अपनी पात्रता जांचकर Local Pass के लिए आवेदन कर सकते हैं। योग्य टोल प्लाजा की सूची भी ऑनलाइन देखी जा सकती है। नियमों के मुताबिक पास मिलने के बाद संबंधित टोल प्लाजा से महीने के दौरान अनलिमिटेड यात्रा की सुविधा मिलती है।
ये भी पढ़ें : Delhi SIR में 47 लाख नामों पर मंडराया संकट, 24 अगस्त को ड्राफ्ट लिस्ट के बाद आपके पास बचेगा बड़ा मौका
दस्तावेजों की जांच अब डिजिटल तरीके से
पहले लोकल पास लेने के लिए लोगों को टोल प्लाजा पर पहुंचकर अपने रिहायशी पते और वाहन से जुड़े दस्तावेज जमा करने पड़ते थे। अब डिजिटल व्यवस्था में DigiLocker और VAHAN जैसे सरकारी प्लेटफॉर्म के साथ सहमति-आधारित इंटीग्रेशन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे आवेदक का पता, वाहन की जानकारी और FASTag से जुड़ी जरूरी जानकारी डिजिटल तरीके से हासिल कर उसका वेरिफिकेशन किया जा सकेगा।
GIS वेरिफिकेशन बताएगा कौन है पात्र
नई व्यवस्था में आवेदक की पात्रता की जांच GIS आधारित वेरिफिकेशन से भी की जाएगी। इसके जरिए यह पता लगाया जाएगा कि वाहन मालिक का रजिस्टर्ड पता संबंधित टोल प्लाजा के निर्धारित 20 किलोमीटर के दायरे में है या नहीं। डिजिटल Local Pass की शुरुआत जुलाई 2026 में दिल्ली के UER-II स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा से हुई थी। अब इसे 121 टोल प्लाजा तक बढ़ाया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को टोल भुगतान और आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।