मुंबई के नीता मुकेश अंबानी जूनियर स्कूल में आज एक बेहद खास पहल की शुरुआत हुई। अपने जन्मदिन पर नीता अंबानी ने बच्चों को एक दो-स्तरीय ट्री हाउस उपहार में दिया, जिसे आधिकारिक रूप से स्कूल ने उद्घाटित किया। यह लर्निंग हब सिर्फ खेल का स्थान नहीं बल्कि प्रकृति, रचनात्मकता और सीखने का अनोखा मिश्रण है। उद्घाटन के दौरान नीता अंबानी ने बच्चों को प्रकृति से जुड़ने, उसका सम्मान करने और जिज्ञासु बने रहने की प्रेरणा दी।
छह खास जोन्स के साथ बना नया ट्री हाउस
स्कूल परिसर में बनाया गया यह ट्री हाउस छह अनोखे लर्निंग और खेल क्षेत्रों से मिलकर तैयार हुआ है। यहां बच्चों को किड्स मेकर स्पेस में कुछ नया बनाने का मौका मिलेगा। क्रिटिकल थिंकिंग एरिया उनकी समस्या-समाधान क्षमता बढ़ाएगा। वहीं फ्री प्ले एरिया बच्चों को बिना किसी बंधन के खेल का आनंद लेने देता है। परफॉर्मेंस कॉर्नर कहानियों और अभिव्यक्ति का मंच बनता है। पजल गेम जोन दिमागी चुनौतियों को मजेदार बनाता है, जबकि लाइब्रेरी नुक हरियाली के बीच बैठकर पढ़ने का शांत माहौल देता है।
ये भी पढ़ें : IndiGo पर संकट और गहराया… 10% फ्लाइट कट का बड़ा असर, मार्केट शेयर से लेकर कमाई तक बड़े झटके तय !
बच्चों से हुई खास बातचीत भावनाओं को छू गई बात
उद्घाटन कार्यक्रम में नीता अंबानी ने बच्चों से बातचीत करते हुए कहा कि यह ट्री हाउस उनके सपनों और खोज की यात्रा का स्थान है। उन्होंने प्रकृति की सुंदरता और उसके महत्व पर जोर दिया। नीता अंबानी ने कहा कि पेड़ जीवन देते हैं, नदियां पोषित करती हैं और आसमान अनंत संभावनाओं का प्रतीक है, इसलिए बच्चों को प्रकृति से जुड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कामना की कि इस जगह पर बच्चे दोस्ती, खुशियों और संवेदनशीलता के मूल्य सीखेंगे।
अनुभव आधारित शिक्षा का नया मॉडल
स्कूल प्रशासन के अनुसार यह ट्री हाउस केवल खेलने का स्पेस नहीं बल्कि एक ऐसी सोच का हिस्सा है जो शिक्षा को अनुभव से जोड़ती है। इसका उद्देश्य बच्चों के भावनात्मक, रचनात्मक और बौद्धिक विकास को संतुलित तरीके से बढ़ावा देना है। यह परियोजना दर्शाती है कि नीता अंबानी बच्चों के लिए ऐसे वातावरण बनाने में विश्वास रखती हैं जहाँ सीखना एक रोमांचक अनुभव बने। यह ट्री हाउस भविष्य के लिए तैयार की गई शिक्षा-दृष्टि का शानदार उदाहरण है।