आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से गदर मचा रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर सोशल मीडिया पर एक बेहद चौंकाने वाला दावा वायरल हो गया। पोस्ट में कहा गया कि मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने वैभव को अपनी टीम में शामिल करने के लिए 30 करोड़ रुपये, एंटीलिया में फ्लैट और मालदीव में प्राइवेट आइलैंड तक ऑफर कर दिया है। इतना ही नहीं, वैभव के परिवार को ब्लैंक चेक देने जैसी बातें भी वायरल पोस्ट में लिखी गईं। इस खबर के फैलते ही क्रिकेट फैंस के बीच हलचल मच गई।
ललित मोदी ने तुरंत बताई सच्चाई
जैसे ही यह पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी, आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने खुद सामने आकर इन दावों को पूरी तरह फर्जी बता दिया। उन्होंने साफ कहा कि आईपीएल में इस तरह की कोई सीधी डील संभव ही नहीं है। अगर किसी टीम को दूसरे फ्रेंचाइजी के खिलाड़ी को लेना होता है, तो उसके लिए आधिकारिक ट्रेडिंग प्रक्रिया या ऑक्शन का रास्ता अपनाना पड़ता है। सोशल मीडिया पर चल रही फ्लैट, प्राइवेट आइलैंड और करोड़ों के गुप्त ऑफर वाली बातें सिर्फ अफवाह हैं।
आईपीएल के नियम क्या कहते हैं?
आईपीएल के नियमों के मुताबिक कोई भी फ्रेंचाइजी किसी खिलाड़ी को सीधे निजी फायदे देकर अपनी टीम में शामिल नहीं कर सकती। अगर मुंबई इंडियंस को वैभव सूर्यवंशी को अपनी टीम में लेना है, तो उन्हें या तो ट्रेड विंडो के दौरान राजस्थान रॉयल्स से आधिकारिक बातचीत करनी होगी या फिर भविष्य के ऑक्शन में नियमों के तहत बोली लगानी होगी। यही वजह है कि ललित मोदी ने इन वायरल पोस्ट्स को “फेक न्यूज” करार दिया।
वैभव की लोकप्रियता से बढ़ रहीं अफवाहें
दरअसल वैभव सूर्यवंशी इस समय IPL 2026 के सबसे बड़े स्टार बन चुके हैं। 15 साल की उम्र में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड तोड़ने के बाद हर बड़ी फ्रेंचाइजी पर उनकी नजर बताई जा रही है। इसी लोकप्रियता का फायदा उठाकर सोशल मीडिया पर कई तरह की मनगढ़ंत कहानियां भी फैलाई जा रही हैं। लेकिन फिलहाल सच यही है कि वैभव अभी राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं और किसी भी ट्रांसफर या ट्रेड को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इसे भी पढ़ें : Gavaskar के पैर छूने वाला लड़का कैसे हैदराबाद पर टूट पड़ा, ये तस्वीर बहुत कुछ कहती है ?
रिकॉर्ड्स से ज्यादा अब नाम की चर्चा
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि अपनी उम्र और खेल से पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। यही वजह है कि अब उनके नाम पर हर छोटी-बड़ी अफवाह वायरल हो रही है। हालांकि ललित मोदी के बयान के बाद इतना साफ हो गया है कि फिलहाल नीता अंबानी वाले ऑफर की कहानी सिर्फ सोशल मीडिया की उड़ाई हुई अफवाह है, जिसका आईपीएल के आधिकारिक सिस्टम से कोई लेना-देना नहीं है।