
बिहार के पूर्णिया जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा उस नजारे की गवाह बनी, जिसने सियासी हलकों में नई हलचल मचा दी. दरअसल मंच पर मौजूद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की और यहां तक कह दिया कि जितना काम मोदी जी ने बिहार के लिए किया है, खड़े होकर इनको प्रणाम कीजिए. नीतीश ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि बिहार को भी बड़ी सौगात दी है. 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं आज बिहार को मिली हैं, जिससे राज्य का विकास नई उड़ान भरेगा. नीतीश ने जनता से मोदी का गर्मजोशी से स्वागत करने की अपील की.
NDA में नीतीश का साफ संदेश
नीतीश कुमार ने अपने भाषण में उन तमाम अटकलों पर भी विराम लगा दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि वे फिर से पाला बदल सकते हैं. नीतीश ने साफ कहा अब कहीं जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता. उन्होंने स्वीकार किया कि बीच में थोड़ा इधर-उधर हुआ था, लेकिन अब किसी और के साथ जाने की संभावना खत्म हो गई है. नीतीश का ये बयान न सिर्फ BJP-नीतीश गठबंधन को और मजबूत करता है, बल्कि विपक्षी खेमे को भी बड़ा झटका देता है. सियासी पंडितों का मानना है कि इस बयान ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के समीकरण को पहले से ही साफ कर दिया है.
ये भी पढ़ें : Delhi BMW accident: खुशहाल परिवार का टूटा सपना, इकलौते बेटे का जन्मदिन मातम में बदला
एयरपोर्ट की दी मोदी ने सौगात
पीएम मोदी की मौजूदगी में पूर्णिया एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण भी किया गया. नीतीश कुमार ने एयरपोर्ट को सीमांचल के विकास का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट बताया. पहली कमर्शियल फ्लाइट को हरी झंडी दिखाते हुए नीतीश ने कहा कि अब पूर्णिया सीधे देश के बड़े शहरों और व्यापारिक केंद्रों से जुड़ जाएगा. उन्होंने जनता से अपील की कि हमारे सिविल एविएशन मंत्री के लिए भी तालियां बजाइए, क्योंकि उनके प्रयास से पूर्णिया अब देश के एविएशन मैप पर दर्ज हो गया है. ये कदम सीमांचल और बिहार के विकास की दिशा में ऐतिहासिक माना जा रहा है.
बिहार के विकास का रोडमैप तैयार
नीतीश ने अपने भाषण में जोर देकर कहा कि देश का विकास तभी संभव है जब बिहार का विकास होगा, और बिहार का विकास तभी होगा जब पूर्णिया और सीमांचल जैसे क्षेत्रों को आगे बढ़ाया जाएगा. पीएम मोदी की ओर से मिली योजनाओं ने बिहार को नई ताकत दी है. नीतीश ने हृदय से प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस सहयोग से बिहार अब तेजी से आगे बढ़ेगा. एक ओर पीएम मोदी की योजनाएं और दूसरी ओर नीतीश की प्रतिबद्धता दोनों मिलकर आने वाले समय में बिहार की तस्वीर बदल सकते हैं.