NMC Guidlines on Doctor's Handwriting: अक्सर आपने देखा होगा कि डॉक्टर जो प्रिस्क्रिप्शन लिखते हैं वह आसानी से हर किसी को समझ नहीं आता है। इस वजह से, फार्मेसी से मिली दवा और डॉक्टर की लिखी दवा एक ही है या नहीं, यह समझने में काफी मुश्किल होती है। लेकिन, अब डॉक्टर दवा की पर्ची लिखने में मनमानी नहीं कर पाएंगे। जी हां क्योंकि मरीजों की सुरक्षा और इलाज में होने वाली गंभीर गलतियों पर लगाम लगाने के लिए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग ने सख्त कदम उठाया है। अब डॉक्टरों के लिए साफ, स्पष्ट और पढ़ने योग्य पर्ची लिखना जरूरी होगा।
मेडिकल कॉलेजों को जारी किया आदेश
राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग ने सभी मेडिकल कॉलेजों को आदेश जारी कर कहा है कि उप-समितियां गठित की जानी चाहिए। यह उप समिति डॉक्टरों की पर्चियों की निगरानी करेगी और यह देखने के लिए कि नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं, जिन पर्चियों की लिखावट अस्पष्ट या पढ़ने में कठिन होगी, उन्हें चिन्हित किया जाएगा। आयोग ने साफ कहा है कि प्रिस्क्रिप्शन में कोई अस्पष्टता नहीं होनी चाहिए. प्रिस्क्रिप्शन साफ और पठनीय लिखावट में लिखना होगा। मनमानी, अस्पष्ट प्रिस्क्रिप्शन स्वीकार नहीं किया जाएगा, क्योंकि इससे मरीज की सुरक्षा से समझौता होगा।
यह भी पढ़ें: Drinking Water: कहीं आप भी तो खड़े होकर नहीं पीते हैं पानी, सेहत को हो सकते हैं ये बड़े नुकसान
मेडिकल स्टूडेंट्स को दी जाएगी जानकारी
आयोग ने साफ किया है कि अब मेडिकल कॉलेजों में छात्रों को यह सिखाया जाएगा कि पर्ची कैसे साफ और स्पष्ट लिखी जाए। एनएमसी ने आदेश में कहा कि मेडिकल कॉलेजों में गठित उप समिति नियमों से हटकर लिखी गई पर्चियों की पहचान करेगी और उन्हें सुधार के लिए सलाह देगी। कॉलेजों को इन मामलों की जानकारी आयोग को भी देनी होगी, ताकि पूरे सिस्टम में सुधार लाया जा सके।
प्रिस्क्रिप्शन में गलतियों के कारण कई घटनाएं हुई
आपको बता दें कि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के आंकड़ों के मुताबिक, प्रिस्क्रिप्शन से संबंधित गलतियों के कारण कई घटनाएं हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि गंभीर रूप से बीमार और घर के बुजुर्ग लोग इससे मुसीबत में पड़ सकते हैं। इसलिए नेशनल मेडिकल कमीशन की निर्देशिका से मरीजों को फायदा होने की उम्मीद है।