Noida Global Hub: नोएडा में ‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘लोकल टू ग्लोबल’ की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है.. नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर (NAEC) और गैयाबे के बीच साझेदारी को लेकर रेडिसन ब्लू होटल में एक विशेष नेटवर्किंग मीट का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कपड़ा, एमएसएमई व उद्यमिता राज्य मंत्री राकेश सचान और गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा जैसे प्रमुख अतिथि मौजूद रहे. दोनों ही नेताओं ने इस पहल को भारत के परिधान क्षेत्र के लिए एक सुनहरा अवसर बताया. उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा चीन पर लगाए गए टैरिफ का लाभ भारत को मिल सकता है और इससे विशेष रूप से उत्तर प्रदेश को वैश्विक बाजार में मजबूती मिलेगी.
भारत को मिलेगा बड़ा निर्यात अवसर
NAEC अध्यक्ष ललित ठुकराल ने जानकारी दी कि अमेरिका फिलहाल चीन से 154 बिलियन डॉलर का परिधान आयात करता है, जिसमें अब गिरावट आने की संभावना है. ऐसे में भारत के पास 30 से 40 बिलियन डॉलर तक के नए निर्यात अवसर खुल सकते हैं. उन्होंने कहा कि गैयाबे के साथ मिलकर छोटे और मझोले भारतीय निर्यातकों को वैश्विक बाजार में उतारा जाएगा. इस साझेदारी का उद्देश्य नोएडा को ‘ग्लोबल अपैरल गेटवे’ बनाना है, जिससे ना सिर्फ निर्यात बढ़ेगा, बल्कि हजारों लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे.
यह भी पढ़ेंःNitish Kumar bihar: बिहार में बिजली पर बड़ी राहत: नीतीश कुमार का एलान, 125 यूनिट तक मुफ्त मिलेगी बिजली
10 शहरों में बनेंगे एक्सपोर्ट हब
गैयाबे के प्रतिनिधियों ने बताया कि कंपनी भारत के 10 शहरों में जुलाई 2025 से एक्सपोर्ट हब स्थापित करेगी. उनका मजबूत लॉजिस्टिक नेटवर्क और डायरेक्ट प्लेटफॉर्म भारतीय ब्रांड्स की वैश्विक दृश्यता को बढ़ाएगा और डिलीवरी समय को आधा करेगा. कार्यक्रम में एमओयू पर हस्ताक्षर भी हुए, जो भारत-अमेरिका परिधान व्यापार के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है. इस पहल से ‘मेक इन इंडिया’, ‘एक जिला एक उत्पाद’ जैसे अभियानों को भी नई गति मिलेगी और भारत वैश्विक सप्लाई चेन में एक भरोसेमंद केंद्र के रूप में उभरेगा.