उत्तर प्रदेश 28 मार्च 2026 को विकास की एक नई ऊंचाई छूने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही राज्य एक ऐसा रिकॉर्ड बनाने वाला है, जो अब तक देश का कोई भी राज्य हासिल नहीं कर पाया। इस बड़े कदम के बाद यूपी देश में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला राज्य बन जाएगा।
देश में नंबर-1 बनेगा उत्तर प्रदेश
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होते ही उत्तर प्रदेश में कुल 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हो जाएंगे। इससे यूपी महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और केरल जैसे बड़े राज्यों को पीछे छोड़ देगा। पहले से ही वाराणसी, लखनऊ, कुशीनगर और अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हैं, अब जेवर के जुड़ने से यह संख्या सबसे ज्यादा हो जाएगी।
2017 के बाद तेजी से बदली तस्वीर
पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी में जबरदस्त सुधार देखने को मिला है। साल 2017 तक जहां सीमित संख्या में ही एयरपोर्ट थे, वहीं अब राज्य में 16 हवाई अड्डों से उड़ानें संचालित हो रही हैं और कई नए एयरपोर्ट निर्माणाधीन हैं। यह बदलाव राज्य की विकास नीति और बुनियादी ढांचे पर फोकस को दिखाता है।
ये भी पढ़ें : LPG संकट के बीच सरकार का बड़ा दांव, अब 25 दिन में मिलेगा PNG कनेक्शन
बजट बढ़ा, विकास को मिली रफ्तार
सरकार ने नागरिक उड्डयन क्षेत्र में भारी निवेश किया है। पिछले कुछ वर्षों में इस सेक्टर का बजट 5 गुना से ज्यादा बढ़ाया गया है, जिससे एयरपोर्ट निर्माण और विस्तार को तेजी मिली है। यही वजह है कि यूपी अब देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में उभर रहा है।
रोजगार और निवेश के खुलेंगे नए रास्ते
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। यह एयरपोर्ट न सिर्फ यूपी बल्कि पूरे उत्तर भारत की अर्थव्यवस्था के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है।
वैश्विक पहचान की ओर बढ़ता यूपी
इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए राज्य निवेशकों और यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।