NCL Apprentice Recruitment 2026: अगर आप हाल ही में कॉलेज या आईटीआई से पास आउट हुए हैं और सरकारी कंपनी में काम करने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए सुनहरा मौका है। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) ने साल 2026-27 के लिए अप्रेंटिस ट्रेनी भर्ती का ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस बार कुल 1607 पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार नीचे बताए गए स्टेप्स को फॉलो कर आवेदन कर सकते हैं।
ऐसे करें आवेदन
1. ग्रेजुएट और डिप्लोमा वाले छात्र NATS पोर्टल पर और आईटीआई व पैरामेडिकल वाले छात्र NAPS पोर्टल पर जाना होगा।
2. इसके बाद अपना रिजस्ट्रेशन पूरा करना होगा।
3. फिर लॉगिन कर मांगी गई सभी जानकारी दर्ज करनी होगी और डॉक्यूमेंट अपलोड करना होगा।
4. अंत में आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म को सबमिट कर देना होगा।
क्या चाहिए योग्यता
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड या विषय में मान्यता प्राप्त संस्थान से डिग्री, डिप्लोमा या आईटीआई प्रमाणपत्र होना जरूरी है। अलग-अलग पदों के लिए योग्यता भी अलग निर्धारित की गई है, इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ना चाहिए। यह भर्ती ग्रेजुएट अप्रेंटिस, डिप्लोमा अप्रेंटिस और आईटीआई अप्रेंटिस के विभिन्न पदों के लिए की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को अनुभवी अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ काम करने का मौका मिलेगा।
आयु सीमा
आयु सीमा की बात करें, तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 साल तय की गई है और अधिकतम आयु 26 साल निर्धारित की गई है। वहीं आरक्षित वर्ग से आने वाले उम्मीदवारों को सरकारी नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को पांच वर्ष, ओबीसी वर्ग को तीन वर्ष तथा दिव्यांग उम्मीदवारों को दस वर्ष तक की छूट प्रदान की जाएगी।
यह भी पढ़ें: UP Jobs 2026: यूपी में लोअर पीसीएस के 2285 पदों पर निकली भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन
कितना मिलेगा स्टाइपेंड
आपको बता दें इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। ग्रेजुएट अप्रेंटिस के पद पर चयनित उम्मीदवारों को 12,300 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा। वहीं डिप्लोमा अप्रेंटिस को 10,900 रुपये और आईटीआई अप्रेंटिस को 10,560 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा।
आवेदन की अंतिम तारीख
आपको बता दें कि इस भर्ती के जरिए कुल 1607 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 1 जून यानि की आज से शुरू हो गई है, जो कि 15 जून 2026 तक चलेगी। वहीं, मेरिट लिस्ट आने की संभावित तारीख 20 जून 2026 है।