UP Jobs 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी UPSSSC ने सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के जरिए राज्य के अलग-अलग विभागों में कुल 2285 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 18 जून तय की गई है।
किन पदों पर होगी भर्ती
आपको बता दें कि इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 2285 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इसमें सबसे ज्यादा भर्ती सहायक कोषागार लेखाकार के पद पर निकली है। इस पद के लिए कुल 548 सीटें रखी गई हैं। इसके बाद लेखा परीक्षक के 419 और अमीन/नीलामकर्ता के 323 पदों पर भर्ती होगी। अधिशासी अधिकारी के 238 पद, लिपिक और लेखा लिपिक के 229 पद तथा सहायक चकबंदी अधिकारी के 168 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
आरक्षण का भी रखा गया ध्यान
आयोग ने अलग-अलग वर्गों के लिए सीटों का बंटवारा भी तय किया है। अनारक्षित वर्ग के लिए 1030 सीटें रखी गई हैं। वहीं अनुसूचित जाति के लिए 421, अनुसूचित जनजाति के लिए 49, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 563 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS के लिए 222 पद आरक्षित किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: MPPHSCL Recruitment 2026: इस राज्य में मैनेजर से लेकर फार्मासिस्ट तक कई पदों पर निकली भर्ती, ऐसे करें आवेदन
PET-2025 के आधार पर चयन
इस भर्ती में वही उम्मीदवार आवेदन कर पाएंगे जिन्होंने PET-2025 परीक्षा पास की है. आयोग ने साफ कर दिया है कि मुख्य परीक्षा के लिए चयन PET के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों के PET में बहुत कम अंक आए हैं या जिनका स्कोर बेहद कमजोर है, उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए मौका नहीं मिलेगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान PET-2025 का विवरण, शैक्षणिक योग्यता और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद फीस जमाकर के फॉर्म को सबमिट कर देना होगा।