
Delhi Market Open 24 hour: दिल्ली के व्यापारियों और ग्राहकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है. अब राजधानी में दुकानें, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान चौबीसों घंटे खुले रह सकेंगे. उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसमें दिल्ली शॉप्स एंड एस्टेबलिशमेंट एक्ट, 1954 की धारा 14, 15 और 16 के तहत यह अनुमति दी गई है. इस फैसले से दिल्ली की आर्थिक गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी और व्यापारियों को समय की पाबंदी से आजादी मिलेगी.
महिलाओं को नाइट शिफ्ट में काम की मंजूरी
सरकार के इस फैसले के तहत महिलाओं को भी रात की शिफ्ट में काम करने की अनुमति दी गई है. हालांकि, इसके लिए सुरक्षा को लेकर सख्त दिशा-निर्देश लागू होंगे. महिला कर्मचारियों की सहमति अनिवार्य होगी, कार्यस्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे, आंतरिक शिकायत समिति बनानी होगी और यौन उत्पीड़न रोकथाम कानून, 2013 का पालन सुनिश्चित करना होगा. इससे महिलाओं को अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी.
व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
दिल्ली को 24x7 व्यापारिक संचालन की अनुमति मिलने से शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. यह कदम ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ की दिशा में एक बड़ा सुधार माना जा रहा है. उप-राज्यपाल ने सार्वजनिक परिवहन को रात में और बेहतर बनाने की सलाह दी है ताकि कर्मचारियों को आवागमन में सुविधा हो. साथ ही श्रम विभाग को निर्देश दिया गया है कि व्यापारियों के साथ संवाद कर इस बदलाव को लेकर अधिक जागरूकता फैलाई जाए.