NEET UG 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने नीट यूजी 2026 के उम्मीदवारों और उनके माता-पिता के लिए एक बेहद जरूरी और सख्त एडवाइजरी जारी की है। NTA ने साफ कहा है कि रिजल्ट या स्कोर में गड़बड़ी की शिकायत दर्ज करते समय कोई भी छात्र फर्जी या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार की गई ओएमआर शीट का इस्तेमाल न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों को दी सलाह
आपको बता दें कि नीट यूजी 2026 स्कोर में अंतर से जुड़ी कई शिकायत सामने आ रही हैं। एजेंसी के संज्ञान में आया है कि स्क्रूटनी के लिए जमा की जा रही कई ओएमआर शीट फर्जी या एआई (AI) से तैयार की गई हैं। इस स्थिति को देखते हुए NTA ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे स्क्रूटनी के लिए ओरिजिनल ओएमआर शीट ही जमा करें।
NTA ने सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए NTA ने सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है। जिसमें लिखा है कि 'NTA सभी शिकायतों पर बारीकी से नजर रख रहा है और उनकी जांच कर रहा है। जांच के दौरान कई OMR शीट के नकली या AI से बनी होने की बात सामने आने के बाद, छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे जांच के लिए केवल असली OMR ही जमा करें। किसी भी नकली या AI से बनी OMR के मामले में शिकायत करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।'
यह भी पढ़ें: NEET UG 2026: नीट यूजी रिजल्ट पर फिर विवाद! छात्र का दावा- आंसरशीट में 522 अंक स्कोरकार्ड में मिले सिर्फ 95
क्या है पूरा मामला
बता दें कि नीट यूजी 2026 का रिजल्ट 16 जुलाई को घोषित किया गया था। रिजल्ट जारी होने के बाद कई छात्रों ने शिकायत की कि उनकी ओएमआर रिस्पॉन्स शीट के मुताबिक ज्यादा नंबर आ रहे हैं, लेकिन रिजल्ट में कम नंबर मिले हैं। एनटीए ने जब इन शिकायतों की जांच शुरू की, तो जांच के दौरान एजेंसी ने पाया कि कई OMR शीट नकली या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार की हुई लग रही थी। ऐसे में NTA ने कहा है कि नकली या AI-जनरेटेड OMR शीट का इस्तेमाल करने की किसी भी कोशिश के कानूनी नतीजे हो सकते हैं।
11.21 लाख छात्र हुए पास
आपको बता दें कि एनटीए ने गुरुवार को देर रात नीट यूजी री-एग्जाम के रिजल्ट जारी किए थे। जिसमें कुल 11.21 लाख कैंडिडेट्स पास हुए हैं, जिनमें से 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं है। एनटीए ने बताया कि पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल करके संयुक्त रूप से टॉप किया। जबकि कुल 19 उम्मीदवारों ने 700 या उससे अधिक अंक पाए हैं और 1492 उम्मीदवारों ने कम से कम 650 अंक हासिल किए हैं।