SWAYAM January 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से SWAYAM जनवरी परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। जो भी उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे, वे अब आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.ac.in/swayam पर जाकर रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं। रिजल्ट डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को लॉगिन डिटेल दर्ज करनी होगी। उम्मीदवार नीचे बताए गए स्टेप्स को फॉलो कर रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं।
ऐसे डाउनलोड करें रिजल्ट
1. सबसे पहले SWAYAM परीक्षा के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
2. इसके बाद जनवरी 2026 सेमेस्टर परिणाम लिंक पर क्लिक करें।
3. अपना एप्लिकेशन नंबर दर्ज करके लॉगिन करें।
4. आपकी स्क्रीन पर स्कोरकार्ड दिखाई देगा।
5. भविष्य के लिए स्कोरकार्ड डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
इस दिन हुई थी परीक्षा
आपको बता दें कि जनवरी 2026 सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 जनवरी से 21 जनवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। यह परीक्षा देशभर के 149 शहरों में स्थित 201 परीक्षा केंद्रों पर 10 सत्रों में आयोजित हुई थी। इस परीक्षा चक्र में कुल 898 कोर्स शामिल थे। इन परीक्षाओं के लिए कुल 1,22,953 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,04,834 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
हाइब्रिड मोड कोर्स ने नतीजे अभी बाकी
बता दें कि परीक्षा के दौरान कुल 898 कोर्स ऑफर किए गए थे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने उन 829 कोर्स के नतीजे घोषित किए हैं जो पूरी तरह से कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट मोड में आयोजित किए गए थे। बाकी 69 हाइब्रिड-मोड कोर्स के नतीजों पर अभी काम चल रहा है। इन कोर्स के लिए परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।
सहायता के लिए यहां करें संपर्क
अगर किसी उम्मीदवार को परिणाम से संबंधित कोई समस्या या स्पष्टीकरण चाहिए, तो वह NTA हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकता है। इसके लिए आप +91-11-40759000 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकते हैं या फिर आप [email protected] पर ईमेल कर सकते हैं।