Gas Pipeline Explosion: बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को नाला निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गोबरसही इलाके में सड़क की खुदाई के बीच जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन में धमाका हो गया। घटना के बाद आसपास के मकानों की दीवारों को नुकसान पहुंचा और कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
खुदाई के दौरान पाइपलाइन से हुआ गैस रिसाव
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इलाके में नाला निर्माण के लिए सड़क की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जमीन के नीचे मौजूद पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और गैस का रिसाव होने लगा। इसके बाद धमाका हुआ और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, हादसे की सटीक वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
प्रशासन और दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एंबुलेंस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है और गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
एक मौत की पुष्टि, पांच से छह लोग घायल
डीएसपी (फायर ब्रिगेड) प्रज्ञा शरण के अनुसार, हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। अस्पताल से प्राप्त जानकारी के आधार पर उन्होंने पांच से छह लोगों के घायल होने की बात कही। कुछ स्थानीय लोगों ने अधिक लोगों की मौत होने की आशंका जताई, लेकिन प्रशासन की ओर से फिलहाल एक ही मौत की पुष्टि की गई है। घायलों की स्थिति और उनकी संख्या को लेकर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी देखेंःRam Mandir चढ़ावा चोरी मामले में Supreme Court का बड़ा फैसला, अब अयोध्या की अदालत में चलेगा मुकदमा
एसडीओ बोले- गैस रिसाव पर पाया गया नियंत्रण
एसडीओ उत्सव आनंद ने बताया कि गैस पाइपलाइन से रिसाव और जान-माल के नुकसान की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। अधिकारियों की टीम हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पाइपलाइन किस तरह क्षतिग्रस्त हुई।
पिछले साल भी सामने आई थी ऐसी घटना
मुजफ्फरपुर में इससे पहले वर्ष 2025 में बेला औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2 के गेट के पास भी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की घटना सामने आई थी। उस समय जेसीबी से खुदाई के दौरान एलपीजी पाइपलाइन टूट गई थी। गोबरसही की घटना के बाद निर्माण कार्यों के दौरान जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइनों की पहचान और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।