Onion Price Hike : चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच अब प्याज ने भी आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। देश के कई शहरों में प्याज की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है। औसत खुदरा कीमत 40.79 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि बड़े शहरों में यह 50 से 60 रुपये प्रति किलो के बीच बिक रहा है। त्योहारों के करीब आते ही रसोई का बजट और बिगड़ने लगा है।
कुछ शहरों में दोगुनी हुई कीमत
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में प्याज के दाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। यहां कुछ दिनों पहले तक 25 से 30 रुपये किलो बिकने वाला प्याज अब 55 से 60 रुपये किलो तक पहुंच गया है। खुदरा कारोबारियों का कहना है कि सिर्फ दो दिनों में कीमतों में भारी उछाल आया है। इससे आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।
एक महीने में 17% की बढ़ोतरी
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 21 जुलाई को प्याज की औसत खुदरा कीमत 34.87 रुपये प्रति किलो थी, जो 21 अगस्त तक बढ़कर 40.79 रुपये प्रति किलो हो गई। यानी एक महीने में करीब 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं पिछले साल की तुलना में प्याज करीब 42 प्रतिशत महंगा हो चुका है।
बड़े शहरों में क्या है रेट?
दिल्ली-एनसीआर में प्याज 50 से 55 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। मुंबई में इसकी कीमत 52 से 58 रुपये प्रति किलो के बीच है। कोलकाता में उपभोक्ताओं को 55 से 60 रुपये प्रति किलो तक भुगतान करना पड़ रहा है। चेन्नई, बेंगलुरु और पटना जैसे शहरों में भी प्याज 45 से 55 रुपये प्रति किलो के दायरे में पहुंच चुका है।
ये भी पढ़ें : महंगाई की मार या जमाखोरी का खेल, प्याज, चीनी और दालों ने बढ़ाई रसोई की टेंशन
मंडियों में भी तेजी
एशिया की सबसे बड़ी प्याज मंडी लासलगांव में थोक कीमतों में एक सप्ताह के भीतर 30 से 42 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां प्याज का भाव 3195 से 3600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। वहीं दिल्ली की आजादपुर मंडी में अच्छी गुणवत्ता वाला प्याज 45 से 50 रुपये प्रति किलो के थोक भाव पर बिक रहा है।
आखिर क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
प्याज की नई खरीफ फसल की आवक में देरी को कीमतों में उछाल की सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है। महाराष्ट्र समेत कई इलाकों में बुवाई प्रभावित हुई है, जिससे बाजार में आपूर्ति कम हुई है। दूसरी ओर त्योहारों के मौसम को देखते हुए मांग लगातार बढ़ रही है। मांग और आपूर्ति के इसी अंतर ने कीमतों को ऊपर पहुंचा दिया है।
सरकार राहत की तैयारी में
बढ़ती महंगाई के बीच सरकार भी सक्रिय हो गई है। जानकारी के अनुसार सितंबर से बफर स्टॉक का प्याज बाजार में उतारने की तैयारी की जा रही है। उम्मीद है कि इससे आपूर्ति बढ़ेगी और कीमतों पर कुछ हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। फिलहाल आम लोगों की नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में प्याज के दाम और बढ़ते हैं या राहत मिलती है।