.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Db7452169-e970-4f9b-a9a3-c7774a4b7e44&w=3840&q=75)
Online Game Scams: ऑनलाइन गेमिंग और गैंबलिंग का नशा कई लोगों की जिंदगी बर्बाद कर रहा है। मुंबई से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने समाज को झकझोर दिया है। यहां अजय नाम के एक शख्स को ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म्स पर लगभग 12 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। कोविड काल से शुरू हुई उनकी यह लत धीरे-धीरे इतने बड़े जाल में बदल गई कि परिवार भी उजड़ गया। उन्होंने करीब 30 करोड़ रुपये अलग-अलग एप्स पर लगाए, जिसमें से 12 से 13 करोड़ रुपये डूब गए। इस मुश्किल दौर में उनके माता-पिता का भी देहांत हो गया, जिससे स्थिति और दर्दनाक हो गई।
सरकार को दिया धन्यवाद, फिर भी चिंता बरकरार
पीड़ित अजय ने बताया कि शुरुआत सिर्फ 500 रुपये से हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे रकम बढ़ती गई और करोड़ों का नुकसान हो गया। उन्होंने केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया कि कई बड़े गेमिंग प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगाया गया, लेकिन यह भी कहा कि असली समस्या उन गैरकानूनी एप्स की है, जो सिर्फ ब्राउज़र पर चलते हैं और जिनकी कोई वैधता नहीं है। अजय ने कहा कि वह अपनी कहानी सामने लाए हैं, जबकि देश में हजारों लोग हैं जिन्हें भारी नुकसान हुआ लेकिन वे सामने आने से हिचकते हैं।
यह भी देखेंःRailways cancelled many trains: बाहर घूमने का प्लान है? रेलवे ने कैंसिल की कई ट्रेनें, तुरंत चेक करें लिस्ट
जांच एजेंसियों को दी पूरी जानकारी
जब अजय को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने मुंबई साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मदद की और बाद में ईडी ने भी मामले की जांच शुरू की क्योंकि रकम बहुत बड़ी थी। अजय ने बताया कि इन एप्स पर कोई वेरिफिकेशन नहीं होता और कई बार डाटा का दुरुपयोग भी किया जाता है। जीतने पर अकाउंट फ्रीज कर दिया जाता है और अलग-अलग तरीकों से ठगने की कोशिश की जाती है। अजय ने कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए नए नियम सही दिशा में कदम हैं, लेकिन गैर-आधिकारिक और अवैध एप्लीकेशंस पर भी सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि कोई और परिवार इस तरह बर्बाद न हो।