डिजिटल दौर में लोन लेना जितना आसान हुआ है, उतना ही धोखाधड़ी का खतरा भी बढ़ गया है। कई लोगों को अचानक कॉल या मैसेज मिलते हैं कि उनका लोन मंजूर हो गया है, जबकि उन्होंने कभी आवेदन ही नहीं किया होता। यही से ठगी की शुरुआत होती है। नकली ऐप्स और लिंक के जरिए लोगों को फंसाया जाता है और फिर उनसे पैसे वसूले जाते हैं।
नकली ऐप्स से बड़ा खतरा
फ्रॉड करने वाले अक्सर लोगों को किसी ऐप को डाउनलोड करने के लिए कहते हैं। यह ऐप किसी भी आधिकारिक कंपनी से जुड़ा नहीं होता, लेकिन देखने में असली जैसा लगता है। कई बार यह सीधे फाइल के रूप में भेजा जाता है, जिसे इंस्टॉल करते ही फोन का डेटा खतरे में पड़ जाता है। इससे स्कैमर को आपके फोन की निजी जानकारी तक पहुंच मिल जाती है।
बिना मांगे लोन का मैसेज
कई बार लोगों को व्हाट्सएप या एसएमएस पर संदेश मिलता है कि उनका लोन पास हो गया है। इसके बाद स्कैमर प्रोसेसिंग फीस या अन्य चार्ज के नाम पर पैसे मांगते हैं। जैसे ही व्यक्ति भुगतान करता है, ठग और अधिक पैसे मांगने लगते हैं और अंत में संपर्क तोड़ देते हैं।
ब्लैकमेलिंग का खतरनाक खेल
कुछ मामलों में यह ठगी और खतरनाक हो जाती है। नकली ऐप्स आपके फोन के कॉन्टैक्ट्स, फोटो और अन्य निजी डेटा तक पहुंच बना लेते हैं। इसके बाद स्कैमर इन्हीं जानकारियों के आधार पर लोगों को धमकाते हैं और ब्लैकमेल करते हैं। डर के कारण कई लोग पैसे देने को मजबूर हो जाते हैं।
ये भी पढ़ें : सोना चांदी के आयात पर रोक से बाजार में हलचल, अक्षय तृतीया पर बढ़ सकती है कीमतें
इन संकेतों को पहचानें
अगर बिना आवेदन के लोन ऑफर मिले तो सावधान हो जाएं। किसी अनजान लिंक से ऐप डाउनलोड करने को कहा जाए, ओटीपी या बैंक की जानकारी मांगी जाए, या बार बार कॉल करके दबाव बनाया जाए तो यह खतरे का संकेत है। असली बैंक या वित्तीय संस्थान कभी भी गोपनीय जानकारी नहीं मांगते हैं।
खुद को कैसे सुरक्षित रखें
हमेशा आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही ऐप डाउनलोड करें और किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। अपनी बैंक जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी ऐप को इंस्टॉल करने से पहले उसकी जानकारी और अनुमति जरूर जांचें। साथ ही अपने बैंक खाते पर लगातार नजर रखें।
अगर ठगी का शिकार हो जाएं
ऐसी स्थिति में तुरंत कोई भुगतान न करें और सभी सबूत जैसे मैसेज और कॉल रिकॉर्ड सुरक्षित रखें। अपने बैंक को तुरंत सूचना दें और पासवर्ड बदल दें। संदिग्ध नंबरों को ब्लॉक करें और साइबर अपराध पोर्टल या पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि आगे नुकसान रोका जा सके।