LPG Cylinder Delivery: भारत में पहली बार क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ मिलकर ऑन-डिमांड एलपीजी सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू की है। इस नई सुविधा के जरिए ग्राहक अब मोबाइल ऐप से एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे और उन्हें अधिकृत डिलीवरी नेटवर्क के माध्यम से घर तक सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु से की गई है और आने वाले समय में इसे देश के अन्य शहरों तक विस्तार देने की योजना है।
बेंगलुरु से हुई नई सेवा की शुरुआत
नई सेवा के तहत बेंगलुरु के ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप के जरिए 10 किलोग्राम का एचपी नव्या कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर और 5 किलोग्राम का मेटल सिलेंडर ऑर्डर कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि यह सुविधा ग्राहकों को जरूरत के समय तेज और आसान तरीके से सिलेंडर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। भविष्य में मांग और उपलब्धता के आधार पर इसे अन्य शहरों में भी लागू किया जाएगा।
एचपी नव्या सिलेंडर की हैं कई खास खूबियां
एचपीसीएल का एचपी नव्या कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक एलपीजी सिलेंडरों की तुलना में हल्का और सुविधाजनक है। इसकी बॉडी जंग-रोधी सामग्री से बनी है और पारदर्शी डिजाइन के कारण इसमें बची गैस का स्तर आसानी से देखा जा सकता है। इसे विशेष रूप से छोटे परिवारों, छात्रों, अकेले रहने वाले नौकरीपेशा लोगों और अपार्टमेंट में रहने वाले उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। खास बात यह है कि इस सिलेंडर को खरीदने के लिए पहले से घरेलू एलपीजी कनेक्शन होना अनिवार्य नहीं है।
यह भी देखेंःUttarakhand High Court: नैनीताल से हल्द्वानी जाएगा उत्तराखंड हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट ने दी हरी झंडी
रिफिल के लिए लौटाना होगा खाली सिलेंडर
पहली बार ऑर्डर करने पर ग्राहक को नया सिलेंडर मिलेगा, जबकि बाद में रिफिल लेने के लिए खाली एचपीसीएल सिलेंडर वापस करना होगा। रिफिल की पूरी प्रक्रिया अधिकृत एचपीसीएल वितरकों और प्रशिक्षित डिलीवरी कर्मचारियों के माध्यम से पूरी की जाएगी। इससे ग्राहकों को सुरक्षित और भरोसेमंद सेवा मिलने का दावा किया गया है।
एलपीजी खरीदना होगा पहले से अधिक आसान
इंस्टामार्ट और एचपीसीएल का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य एलपीजी सिलेंडर की खरीद और रिफिल प्रक्रिया को अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक बनाना है। ऑन-डिमांड डिलीवरी की सुविधा से ग्राहकों को जरूरत के समय लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यदि यह सेवा सफल रहती है, तो भविष्य में देश के कई अन्य शहरों में भी इसे शुरू किए जाने की संभावना है।