
आधार कार्ड आज भारत में पहचान का सबसे अहम दस्तावेज बन चुका है. चाहे बैंक खाता खोलना हो, नया मोबाइल नंबर लेना हो या किसी सरकारी योजना का लाभ उठाना हो, लगभग हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है. देश में अब तक 140 करोड़ से ज्यादा लोगों के पास आधार कार्ड मौजूद है. आमतौर पर लोग इसका पेपर प्रिंट या लेमिनेटेड कॉपी साथ रखते हैं, लेकिन समय के साथ यह जल्दी खराब हो जाती है. इसी समस्या का हल निकालते हुए UIDAI ने अब PVC आधार कार्ड की सुविधा शुरू की है. पीवीसी आधार कार्ड दिखने में बिल्कुल एटीएम या डेबिट कार्ड जैसा होता है. यह प्लास्टिक का बना होता है, मजबूत और टिकाऊ होने की वजह से लंबे समय तक सुरक्षित रहता है. अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको सिर्फ 50 रुपये खर्च करने होंगे और यह कार्ड सीधे आपके घर के पते पर डाक से पहुंच जाएगा.
ऐसे करें घर बैठे ऑर्डर
PVC आधार कार्ड मंगवाने की प्रक्रिया बेहद आसान है. इसके लिए सबसे पहले आपको UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पर जाना होगा. होमपेज पर नीचे की ओर “Order Aadhaar PVC Card” का विकल्प मिलेगा. यहां आपको अपना आधार नंबर (Aadhaar Number), वर्चुअल आईडी (VID) या एनरोलमेंट आईडी (EID) दर्ज करनी होगी. इसके बाद आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा, जिसे डालकर वेरिफिकेशन पूरा करना होगा.
वेरिफिकेशन सफल होने के बाद आपको 50 रुपये का भुगतान करना होगा. पेमेंट ऑनलाइन डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई से किया जा सकता है. जैसे ही भुगतान हो जाएगा, आपका ऑर्डर कंफर्म हो जाएगा. UIDAI आपके कार्ड को प्रिंट कराकर स्पीड पोस्ट के जरिए आपके घर के पते पर भेज देगा.
PVC आधार कार्ड न केवल मजबूत और टिकाऊ है, बल्कि इसमें सिक्योरिटी फीचर्स भी होते हैं. इसमें होलोग्राम, गिलोशे पैटर्न, घोस्ट इमेज और माइक्रोटेक्स्ट जैसी सुरक्षा सुविधाएं शामिल होती हैं. यही वजह है कि इसे नकली बनाना लगभग नामुमकिन है.
ये भी पढ़ें : India-Fiji रिश्तों में नया अध्याय, सात समझौतों पर हुए हस्ताक्षर
ई-आधार भी है वैध
अगर आपके पास PVC आधार कार्ड नहीं है तो चिंता की जरूरत नहीं. UIDAI की वेबसाइट से आप आसानी से ई-आधार डाउनलोड कर सकते हैं. यह आधार का डिजिटल वर्जन होता है और पीडीएफ फॉर्मेट में सुरक्षित रहता है. इसमें वही सभी जानकारी होती है जो आपके फिजिकल कार्ड में होती है. ई-आधार पासवर्ड से सुरक्षित होता है और आप इसे अपने मोबाइल, लैपटॉप या पेन ड्राइव में सेव करके कभी भी इस्तेमाल कर सकते हैं. यह हर जगह उतना ही वैध है जितना पेपर या PVC आधार कार्ड.
अगर आप अपने आधार कार्ड को सुरक्षित और टिकाऊ बनाना चाहते हैं, तो UIDAI का PVC आधार कार्ड आपके लिए सबसे अच्छा विकल्प है. सिर्फ 50 रुपये में आप इसे घर बैठे ऑर्डर कर सकते हैं और आसानी से अपने पास रख सकते हैं.