OTT Release This Week: इस हफ्ते ओटीटी पर घर बैठे धुआंधार एंटरटेनमेंट मिलने वाला है। नेटफ्लिक्स, जियो हॉटस्टार और प्राइम वीडियो जैसे प्लेटफॉर्म्स पर धमाकेदार एक्शन से लेकर सस्पेंस थ्रिलर तक, कई नई फिल्में और सीरीज रिलीज होने जा रही हैं। इस लिस्ट में सबसे बड़ा नाम रणवीर सिंह की मेगा-ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर 2' और सैफ अली खान की कॉप-थ्रिलर 'कर्तव्य' का है। तो आइए जानते हैं कि इस हफ्ते में ओटीटी पर कौन-कौन सी फिल्में रिलीज होने वाली है।
धुरंधर 2
थिएटर में तहलका मचाने के बाद रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' अब ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर माधवन अहम भूमिका में है। वहीं अब दर्शक इस सुपर ब्लॉकबस्टर फिल्म को 15 मई से जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।
कर्तव्य
कर्तव्य पुलकित द्वारा निर्देशित एक क्राइम ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म का निर्माण शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान ने किया है। इसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है। इस फिल्म में सैफ अली खान एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे। सैफ अली खाने के अलावा इस फिल्म में रसिका दुगल, संजय मिश्रा और मनीष चौधरी सहित कई जाने-माने कलाकार हैं। बता दें कि इसे 15 मई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा।
एग्जाम
एग्जाम एक नेशनल अवॉर्ड विनर ए. सरकुनम द्वारा लिखित और निर्देशित एक तमिल ड्रामा सीरीज़ है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं के पीछे के काले सच और घोटालों को उजागर करेगी। ये सीरीज़ 15 मई से प्राइम वीडियो पर देखी जा सकेगी।
इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2
इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2 को 15 मई से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस अधिकारी और एसटीएफ प्रमुख अविनाश मिश्रा की कहानी बताई गई है जो गैंगस्टरों को निशाना बनाते हैं। इस सीरीज में रणदीप हुड्डा, उर्वशी रौतेला, अमित सियाल, शालिन भनोट, राहुल मित्रा, जाकिर हुसैन, आयशा एस.ने अहम रोल प्ले किया है।
गुड ओमेन्स
गुड ओमेन्स एक फैंटेसी कॉमेडी टेलीविजन सीरीज है जिसे नील गैमन ने अपने और टेरी प्रैचेट के 1990 के नॉवेल पर बेस्ड बनाया है। इसके पहले सीजन के सभी एपिसोड 31 मई 2019 को और दूसरे सीजन के एपिसोड जून 2021 में रिलीज किए गए थे। वहीं, अब 90 मिनट के एक एपिसोड वाला तीसरा सीज़न 13 मई से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा।