
इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट के आखिरी दिन भारत ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 6 रन से रोमांचक जीत दर्ज की. टीम इंडिया के तेज गेंदबाजों मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को जीत के लिए जरूरी 35 रन तक नहीं बनाने दिए जिससे सभी क्रिकेट प्रेमी दंग रह गए. लेकिन इसी जीत से पाकिस्तान के कुछ पूर्व क्रिकेटरों को काफी मिर्ची लगी है.
ये भी पढ़ें : भारत से नाराज़ क्यों हैं डोनाल्ड ट्रंप? एक्सपर्ट ने बताया ऑपरेशन सिंदूर वाला कनेक्शन
पाकिस्तानी खिलाड़ी का विवादित बयान
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शब्बीर अहमद ने भारत की इस जीत पर संदेह जताते हुए सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा पर बॉल टेंपरिंग का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि भारतीय गेंदबाजों ने गेंद से छेड़छाड़ की है और इसके लिए उन्होंने ICC से जांच की मांग भी कर डाली है. शब्बीर का यह बयान क्रिकेट फैंस के लिए या तो हंसी का कारण बना या गुस्से की वजह. सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें ट्रोल भी किया और कहा कि हार बर्दाश्त नहीं होने पर ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाए जाते हैं.
ICC ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है और न ही इंग्लैंड की टीम ने कोई शिकायत दर्ज कराई है.
बता दें कि इस मैच में सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने बेहद अनुशासित और आक्रामक गेंदबाजी की. सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने आखिरी सत्र में लगातार विकेट झटके और इंग्लैंड को लक्ष्य से महज 6 रन दूर रोक दिया.
जलन या रणनीति?
शब्बीर अहमद के बयान से यह साफ झलकता है कि भारत की इस शानदार जीत को पाकिस्तान के कुछ लोग पचा नहीं पा रहे हैं. सोशल मीडिया पर फैंस का कहना है कि यह आरोप सिर्फ इसलिए लगाए गए हैं ताकि भारत की जीत पर दाग लगाने की कोशिश की जा सके.भारत ने अपनी कड़ी मेहनत और रणनीति के दम पर ओवल टेस्ट जीता है और इस पर सवाल उठाना खेल भावना के खिलाफ है.