अगर अगले कुछ घंटों या दिनों में हालात नहीं बदले, तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला नहीं होगा। पाकिस्तान सरकार और पीसीबी ने रविवार को ऐलान किया कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। करीब डेढ़ दशक बाद यह पहली बार होगा, जब किसी आईसीसी मेंस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने नहीं होंगे। इस फैसले से क्रिकेट फैंस के साथ-साथ टूर्नामेंट की साख पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
सरकार और बोर्ड का एकतरफा फैसला
1 फरवरी को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के बीच बैठक हुई। इसके बाद सरकार की ओर से कहा गया कि पाकिस्तान टीम वर्ल्ड कप खेलने श्रीलंका जाएगी, लेकिन भारत के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेलेगी। इस फैसले के पीछे कोई ठोस वजह सार्वजनिक नहीं की गई। इतना जरूर बताया गया कि यह कदम बांग्लादेश के वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद उठाया गया है।
क्या टीम भी चाहती थी बहिष्कार
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पाकिस्तानी टीम इस फैसले से सहमत थी। इसका जवाब कप्तान के बयान से मिलता है। जिस वक्त यह फैसला आया, उसी दौरान पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टी20 मैच खेला जा रहा था। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान आगा सलमान से जब भारत मैच को लेकर सवाल हुआ, तो उन्होंने साफ कहा कि यह उनका फैसला नहीं है।
कप्तान की बेबसी आई सामने
आगा सलमान ने कहा कि टीम वर्ल्ड कप खेलने जरूर जा रही है, लेकिन भारत के खिलाफ न खेलने का फैसला सरकार और बोर्ड का है। उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ी इस पर कुछ नहीं कर सकते और जो निर्देश मिलेंगे, वही मानना होगा। इस बयान के बाद पीसीबी का मीडिया मैनेजर भी असहज नजर आया और उसने बातचीत को बीच में रोककर मुद्दा बदलने की कोशिश की। इससे साफ हो गया कि फैसला ऊपर से थोप दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : भारत से मैच नहीं खेलेगा Pakistan, पूर्व दिग्गज भड़के बोले बिना खेले खुद को ही होगा सबसे बड़ा नुकसान !
बांग्लादेश जैसा हाल होने का डर
दिलचस्प बात यह है कि जिस बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान ने यह कदम उठाया, उसी बांग्लादेश ने पहले भारत में वर्ल्ड कप खेलने से इनकार किया था। तब खिलाड़ियों की राय नहीं ली गई और नतीजा यह हुआ कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। अब पाकिस्तान भी उसी राह पर चलता दिख रहा है। अगर आईसीसी ने सख्ती दिखाई, तो पाकिस्तान पर भी वही कार्रवाई हो सकती है।
एक फैसले से बड़ा नुकसान संभव
भारत के खिलाफ मैच न खेलने से पाकिस्तान को कई तरह का नुकसान हो सकता है। वर्ल्ड कप में अंक, कमाई और अंतरराष्ट्रीय छवि तीनों पर असर पड़ेगा। अगर पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर किया गया, तो यह सिर्फ एक मैच का नहीं, पूरे क्रिकेट भविष्य का झटका होगा। बांग्लादेश की तरह एकतरफा फैसले की कीमत पाकिस्तान को भी चुकानी पड़ सकती है।