आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप मैच खेलने से इनकार कर पाकिस्तान ने क्रिकेट जगत में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला भारत-पाकिस्तान मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मैच माना जा रहा था। अब पाकिस्तान के इस फैसले को सिर्फ राजनीतिक कदम नहीं, बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के नियमों को सीधी चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है। यही वजह है कि पाकिस्तान के भविष्य पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
बांग्लादेश का उदाहरण बना चेतावनी
कुछ दिन पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत में खेलने से मना करने पर आईसीसी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। अब पाकिस्तान ने भी भारत के खिलाफ मैच न खेलने का रास्ता चुना है, हालांकि वह पूरे टूर्नामेंट में खेलने की बात कर रहा है। आईसीसी साफ कर चुका है कि चयनात्मक भागीदारी नियमों के खिलाफ है, और यही बात पाकिस्तान को भारी पड़ सकती है।
मैदान के अंदर और बाहर दोनों तरफ नुकसान
अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता है, तो उसे सीधे 2 अंक गंवाने होंगे। इससे नेट रन रेट बिगड़ेगा और ग्रुप स्टेज से बाहर होने का खतरा बढ़ जाएगा। लेकिन असली खतरा मैदान के बाहर है। सूत्रों के मुताबिक आईसीसी पाकिस्तान पर सख्त कार्रवाई कर सकता है। इसमें टूर्नामेंट से बाहर करना भी शामिल है, जैसा बांग्लादेश के साथ हुआ था।
बैन हुआ पाकिस्तान तो किसे मिलेगा मौका
आईसीसी बोर्ड की बैठक मंगलवार या बुधवार को हो सकती है, जिसमें इस पूरे मामले पर फैसला लिया जाएगा। अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपने फैसले पर अड़ा रहा, तो पाकिस्तान को वर्ल्ड कप से बाहर किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में युगांडा की टी20 वर्ल्ड कप में एंट्री हो सकती है। यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बड़ा झटका होगा।
इसे भी पढ़ें : Bangladesh जैसी भूल की राह पर Pakistan, भारत मैच का बहिष्कार पड़ा भारी, वर्ल्ड कप से बाहर होने का मंडराया खतरा !
200 करोड़ का नुकसान, ब्रॉडकास्टर्स का दबाव
भारत-पाकिस्तान मुकाबला आईसीसी और ब्रॉडकास्टर्स के लिए सबसे बड़ा कमाई का जरिया माना जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस एक मैच से 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का विज्ञापन रेवेन्यू आता है। पाकिस्तान के मैच न खेलने से यह कमाई खत्म हो जाएगी। इससे ब्रॉडकास्टर्स का दबाव आईसीसी पर बढ़ेगा और अंत में इसका असर पाकिस्तान पर ही पड़ेगा।
BCCI का रुख और PCB की चुप्पी
इस पूरे विवाद पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा था कि बांग्लादेश को इस रास्ते पर पाकिस्तान ने ही उकसाया था। उन्होंने साफ कहा कि आईसीसी के बयान में खेल भावना की बात है और बोर्ड इससे सहमत है। वहीं पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी की चुप्पी शक और बढ़ा रही है। अब सबकी नजर आईसीसी की बैठक पर है, जहां तय होगा कि पाकिस्तान को चेतावनी मिलेगी, सजा मिलेगी या बांग्लादेश की तरह बाहर का रास्ता।