
UP Crime News: मेरठ के शास्त्रीनगर इलाके में मंगलवार दोपहर एक रिटायर्ड फौजी ने अपनी बहू पर फरसे से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ससुर इकबाल हसन (62) ने वारदात के बाद खून से सने कपड़ों में थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया और बोला — “मैंने अपनी बहू को काट डाला, मुझे गिरफ्तार कर लो।” पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के अंदर खून से लथपथ हालत में घायल बहू राहत उर्फ हिना (26) पड़ी थी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कंबल में छिपाकर लाया फरसा
घटना नौचंदी थाना क्षेत्र के सेक्टर-13 की है। सेना से रिटायर इकबाल हसन अपने बेटों और बेटी के साथ रहते हैं। मंगलवार दोपहर जब बहू हिना छत पर खाना खा रही थी, तभी इकबाल फरसे को कंबल में छिपाकर ऊपर पहुंचा और अचानक सिर, गर्दन और हाथ पर कई वार कर दिए। खून से लथपथ हिना वहीं गिर गई। उसकी ननद नईमा ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। परिजन घायल को हयात अस्पताल ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। बाद में उसे मेडिकल कॉलेज और फिर आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी देखेंः20 मासूमों की मौत के बाद बड़ा एक्शन: जहरीला कोल्ड्रिफ कफ सिरप बनाने वाली कंपनी का मालिक रंगराजन गिरफ्तार, अब एमपी में पूछताछ शुरू
आरोपी जेल भेजा गया
थाने पहुंचकर इकबाल ने पूरे मामले की जानकारी खुद पुलिस को दी। उसने बताया कि उसे अपनी बहू के चरित्र पर शक था, इसी वजह से उसने हमला किया। पुलिस ने फौरन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और फरसा बरामद कर लिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि घायल हिना के पति महताब मलिक और उसके मायके वालों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश (धारा 307 आईपीसी) का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह और शक ही इस खौफनाक वारदात की असली वजह लगती है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।