
पाकिस्तान आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर के हालिया बयान पर भारत में कड़ी प्रतिक्रिया आई है. मुनीर ने अमेरिका दौरे के दौरान भारत को परमाणु हमले की धमकी दी थी. इस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ नेता राम माधव ने सख्त शब्दों में जवाब दिया और कहा कि भारत ऐसी गीदड़भभकियों से डरने वाला नहीं है. राम माधव ने कहा, “मुनीर की परमाणु धमकी से भारत में कोई भी डरने वाला नहीं है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही ऐसे बयानों का करारा जवाब दे चुके हैं. अगर कभी ऐसी स्थिति आती है तो भारत के पास भी पलटवार करने की पूरी ताकत है. न्यूक्लियर ब्लैकमेल से हमें डराया नहीं जा सकता.” उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान इस तरह की बयानबाजी कर अपनी कमजोरियों को छुपाने की कोशिश करता है, लेकिन भारत हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है.
ये भी पढ़ें : जन्मदिन मनाने निकला हिस्ट्रीशीटर अंकित, अगली सुबह मिला शव, पुलिस कई एंगल से कर रही जांच
ट्रंप पर की टिप्पणी
राम माधव ने अपने बयान में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि ट्रंप की सोच और काम करने का तरीका समझना आसान नहीं है. राम माधव बोले, “ट्रंप एक लेन-देन करने वाले नेता हैं. जैसे बाकी देश अपने तरीके से उनसे डील करते हैं, वैसे भारत भी अपनी रणनीति से निपटेगा. ट्रंप ने पहले उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से दोस्ती बढ़ाने की कोशिश की थी, सिंगापुर में मुलाकात भी हुई. उन्होंने किम को दोस्त कहा, लेकिन इन कोशिशों से अमेरिका-उत्तर कोरिया संबंधों में कोई सुधार नहीं हुआ. ट्रंप को लगता है कि बुरे लोगों से दोस्ती करके समस्याओं का हल निकाला जा सकता है, लेकिन यह हमेशा सही नहीं होता.”
चीन के साथ रिश्तों पर बयान
राम माधव ने भारत-चीन संबंधों पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि जून 2020 में गलवान घाटी की झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव आ गया था. हालांकि, इसके बावजूद दोनों देशों के बीच करीब 140 बिलियन डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार जारी है.
कुल मिलाकर राम माधव ने पाकिस्तान की धमकी को बेमानी बताया और कहा कि भारत किसी भी स्थिति से निपटने में सक्षम है. साथ ही उन्होंने ट्रंप और चीन को लेकर भी भारत की रणनीति और चुनौतियों पर खुलकर बात की.