पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट का असर अब पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। कच्चे तेल के भाव में तेजी के बीच पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल की कीमत 13.18 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 13.80 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी है। नई कीमतें लागू हो चुकी हैं। दूसरी तरफ भारत में तेल कंपनियों ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई नया बदलाव नहीं किया है। ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि भारत और पाकिस्तान में आखिर किस देश के लोगों को सस्ता पेट्रोल और डीजल मिल रहा है।
310 रुपये के पार पहुंचा पेट्रोल
ताजा बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 310.71 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल का भाव बढ़कर 323.30 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद पाकिस्तान सरकार हर शुक्रवार को तेल की कीमतों की समीक्षा कर रही है। इस दौरान कई बार कीमतों में बदलाव किया जा चुका है। लगातार बढ़ते दाम ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। खास तौर पर डीजल महंगा होने से सामान की ढुलाई और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी असर पड़ने का खतरा बढ़ सकता है।
भारत या पाकिस्तान, कहां सस्ता तेल?
दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। अगर इन कीमतों को पाकिस्तानी रुपये में देखा जाए तो भारत का पेट्रोल करीब 297.67 पाकिस्तानी रुपये और डीजल करीब 277.50 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर बैठता है। यानी दिए गए आंकड़ों के हिसाब से पाकिस्तान के मुकाबले भारत में पेट्रोल और डीजल दोनों सस्ते हैं। पाकिस्तान में पेट्रोल भारत के मुकाबले करीब 13 पाकिस्तानी रुपये महंगा है, जबकि डीजल की कीमत में अंतर और भी ज्यादा दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़ें : सड़े अंडे और एक्सपायरी खाना भेजने का आरोप, आखिर Swiggy Instamart को क्यों मिले 9 नोटिस?
युद्ध के बाद कई बार बदली कीमत
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान युद्ध से पहले पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत करीब 266 रुपये और डीजल की कीमत 281 रुपये प्रति लीटर थी। इसके बाद तेल के दाम में कई बार बदलाव किया गया। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 3 अप्रैल को एक समय डीजल की कीमत 520.35 रुपये और पेट्रोल की कीमत 458.41 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई थी। फिलहाल कीमतें उस स्तर से नीचे हैं, लेकिन ताजा बढ़ोतरी ने फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सरकार लगातार अंतरराष्ट्रीय बाजार और तेल की सप्लाई पर नजर रख रही है।
पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स का बोझ
पाकिस्तान सरकार डीजल पर करीब 101 रुपये प्रति लीटर तक अलग-अलग टैक्स और शुल्क वसूल रही है। इसमें कस्टम ड्यूटी, पेट्रोलियम लेवी, क्लाइमेट सपोर्ट लेवी और सामान पहुंचाने से जुड़ा शुल्क शामिल बताया गया है। वहीं पेट्रोल पर कुल टैक्स करीब 95 रुपये प्रति लीटर है। डीजल पर पेट्रोलियम लेवी करीब 80 रुपये और पेट्रोल पर करीब 70 रुपये प्रति लीटर बताई गई है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत बदलने के साथ पाकिस्तान में टैक्स और दूसरे शुल्क भी आम लोगों की जेब पर बड़ा असर डालते हैं।
तेल से सरकार को होती है बड़ी कमाई
पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल सरकार की कमाई के बड़े साधनों में शामिल हैं। दोनों की हर महीने करीब 7 लाख से 8 लाख टन तक बिक्री होती है। सरकार केरोसिन और हल्के डीजल तेल पर भी पेट्रोलियम लेवी वसूलती है। ऐसे में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के खर्च पर पड़ता है। फिलहाल भारत में कीमतें स्थिर हैं, जबकि पाकिस्तान में एक झटके में 13 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। अब बड़ा सवाल यही है कि पश्चिम एशिया का संकट बढ़ा तो क्या पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल एक बार फिर और महंगा हो जाएगा?