आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। एक बार फिर टीम की कमान स्टार ऑलराउंडर फातिमा सना को सौंपी गई है। पाकिस्तान ने इस बार अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण तैयार किया है। टीम चयन के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा नए खिलाड़ियों को मिले मौके को लेकर हो रही है।
5 खिलाड़ियों का बड़ा मौका
इस बार पाकिस्तान की टीम में पांच ऐसे खिलाड़ी शामिल किए गए हैं जो पहली बार विमेंस टी20 वर्ल्ड कप खेलते नजर आएंगे। इनमें सायरा जबीन, तस्मिया रुबाब, नतालिया परवेज, इमान फातिमा और रमीन शमीम शामिल हैं। नए चेहरों को शामिल करने के फैसले को भविष्य की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अब इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी।
बल्लेबाजी से उम्मीदें ज्यादा
हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाली गुल फिरोजा टीम की बड़ी उम्मीद मानी जा रही हैं। उन्होंने दो शतक लगाकर अपनी फॉर्म दिखाई थी। इसके अलावा मुनीबा अली और आयशा जफर जैसी अनुभवी बल्लेबाजों से भी मजबूत शुरुआत की उम्मीद होगी। मध्यक्रम में आलिया रियाज और इरम जावेद अहम भूमिका निभा सकती हैं।
गेंदबाजी बनेगी ताकत
पाकिस्तान की सबसे बड़ी ताकत इस बार भी उसकी गेंदबाजी मानी जा रही है। स्पिन विभाग में सादिया इकबाल, नाशरा संधू और तुबा हसन जैसे अनुभवी नाम मौजूद हैं। वहीं तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी कप्तान फातिमा सना, डायना बेग और तस्मिया रुबाब संभालेंगी। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि गेंदबाजी विभाग विरोधी टीमों पर दबाव बना सकता है।
भारत मुकाबले पर नजरें
महिला टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 12 जून से होगी जबकि फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी इंग्लैंड और वेल्स कर रहे हैं। पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत भारत के खिलाफ मुकाबले से करेगा। भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर अभी से जबरदस्त उत्साह दिखाई देने लगा है।
इसे भी पढ़ें : Eden में रन बरसाएगी गुजरात? KKR के सामने करो या मरो की जंग
इतिहास बदलने की तैयारी
पाकिस्तान की महिला टीम अब तक हर टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले चुकी है लेकिन वह कभी नॉकआउट चरण तक नहीं पहुंच सकी। यही कारण है कि इस बार टीम पर इतिहास बदलने का दबाव भी रहेगा। युवा खिलाड़ियों की ऊर्जा और अनुभवी खिलाड़ियों के अनुभव के सहारे पाकिस्तान नई कहानी लिखने की उम्मीद के साथ मैदान में उतरने वाला है।