मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र के बीहरपुवा गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
मलबे में दबे मजदूर
जानकारी के अनुसार निजी कुएं के निर्माण का काम चल रहा था। मजदूर कुएं के भीतर खुदाई और निर्माण में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और कई लोग मिट्टी के नीचे दब गए।
5 लोगों की मौत, एक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। जेसीबी मशीनों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अब तक मलबे से पांच लोगों के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर तलाश अभियान चला रहा है।
ये भी पढ़ें : महंगाई का डबल झटका! 12 दिन में Petrol-Diesel ₹7 और CNG ₹6 महंगी, बढ़ सकता है घर का खर्च
गांव में पसरा मातम
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते तो इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था।
जांच के आदेश जारी
जिला प्रशासन ने घटना को गंभीर मानते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि अगर निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी।