Pappu Yadav Hospitalized: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। स्वास्थ्य स्थिति में गिरावट के बाद उन्हें पटना के IGIMS अस्पताल से PMCH शिफ्ट किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर करने का फैसला लिया गया। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से कहा गया है कि पप्पू यादव की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
स्वास्थ्य बिगड़ने पर बदला गया अस्पताल
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव को मेडिकल जांच के लिए IGIMS लाया गया था। वहीं इलाज के दौरान उनकी तबीयत में अचानक गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें PMCH रेफर करने की सलाह दी। शिफ्ट किए जाने के बाद से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
31 साल पुराने मामले में हुई थी गिरफ्तारी
पप्पू यादव की गिरफ्तारी 1995 के एक पुराने मामले से जुड़ी है। यह मामला पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र का है, जहां मकान किराए पर लेने में कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था। शिकायतकर्ता का कहना था कि किराए पर मकान लेते समय तथ्यों को छिपाया गया और बाद में उसका इस्तेमाल कार्यालय के तौर पर किया गया।
यह भी देखेंःUnder-19 World Cup: अंडर-19 विश्व कप में भारत की बड़ी जीत, पीएम मोदी समेत देश ने जताया गर्व
कोर्ट के आदेश के बाद बढ़ी कार्रवाई
इस केस में लंबे समय तक अदालत में पेश न होने के चलते एमपी-एमएलए कोर्ट ने पहले गिरफ्तारी वारंट, फिर इश्तेहार और बाद में कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया था। इन्हीं आदेशों के तहत हाल ही में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पप्पू यादव को गिरफ्तार किया था।
समर्थकों और परिवार में चिंता
गिरफ्तारी के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत से समर्थकों और परिजनों में चिंता का माहौल है। परिवार की ओर से बेहतर चिकित्सा सुविधा की मांग की जा रही है। वहीं प्रशासन का कहना है कि पप्पू यादव को पूरी चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।