
बिहार की राजधानी पटना में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त झड़प हो गई. यह हंगामा कांग्रेस के सदाकत आश्रम दफ्तर के बाहर उस समय शुरू हुआ जब बीजेपी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय मां के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे. दोनों पक्षों के बीच लाठियां, डंडे और पत्थर चले जिससे कई कार्यकर्ता घायल हो गए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसने पूरे बिहार में सनसनी मचा दी.
क्यों हुई झड़प ?
झड़प की शुरुआत तब हुई जब बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदाकत आश्रम पहुंचे. उनके हाथों में तख्तियां थीं जिन पर लिखा था, "मां का अपमान, कांग्रेस की पहचान" और "मां का अपमान नहीं सहेगा बिहार". यह प्रदर्शन दरभंगा में आयोजित राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान पीएम मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी के जवाब में था. बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस के मंच से पीएम और उनकी मां का अपमान किया गया. प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर के गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश करने लगे. इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई. लाठी-डंडों के साथ-साथ पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें गाड़ियों के शीशे टूटे और एक ट्रक में तोड़फोड़ की गई. मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया.
ये भी पढ़ें : जापानी महिलाओं का देसी अंदाज! Rajasthani पोशाक में PM Modi के लिए गाया लोकगीत
बीजेपी ने जताई आपत्ति
बीजेपी नेता नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस को पीएम मोदी के अपमान का "करारा जवाब" दिया जाएगा. वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता डॉ. अशुतोष ने इसे "सरकारी साजिश" करार देते हुए बीजेपी पर हमला बोला. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया. घायल कार्यकर्ताओं को कुर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं डीएसपी की अगुवाई में पुलिस ने हंगामे को काबू में किया. इस घटना में शामिल एक आरोपी रिजवी को गिरफ्तार किया गया. बता दें कि बीजेपी के मार्च में मंत्री संजय सरावगी भी शामिल थे.
क्या है पूरा मामला?
दरभंगा में 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान कथित तौर पर पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ अपशब्दों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को आक्रोशित कर दिया. इसके बाद पटना में कुर्जी अस्पताल से सदाकत आश्रम तक मार्च निकाला गया जो हिंसक झड़प में बदल गया. यह घटना बिहार की सियासत में नया तनाव पैदा कर सकती है.