Patna Student Protest : बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। दरोगा भर्ती, 70वीं BPSC परीक्षा और BSSC की लंबित भर्तियों को लेकर हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए निकले अभ्यर्थियों ने सरकार और आयोगों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और शहर के प्रमुख इलाकों में तनाव का माहौल बन गया।
जेपी गोलंबर पर टूटी बैरिकेडिंग
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए प्रशासन ने जेपी गोलंबर पर भारी सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग की थी। लेकिन बड़ी संख्या में पहुंचे छात्रों ने बैरिकेड्स को धक्का देकर तोड़ दिया। कई अभ्यर्थी लोहे की बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और छात्रों में धक्का-मुक्की
जब प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके बाद छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। कुछ समय के लिए हालात काफी तनावपूर्ण हो गए और दोनों पक्षों के बीच जोरदार धक्का-मुक्की देखने को मिली। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की।
ये भी पढ़ें : चुनाव से पहले UP में UCC की आहट, Amit Shah से Yogi की मुलाकात पर बढ़ी चर्चा
दरोगा भर्ती रद्द करने की मांग
अभ्यर्थियों का आरोप है कि 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। छात्रों का कहना है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि गड़बड़ी साबित होती है तो भर्ती को रद्द किया जाए। इसी तरह 70वीं BPSC परीक्षा को लेकर भी अभ्यर्थियों ने पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं।
BSSC परीक्षाओं को लेकर भी नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि बिहार कर्मचारी चयन आयोग की कई परीक्षाएं लंबे समय से लंबित हैं। उनका आरोप है कि भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार देरी हो रही है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। अभ्यर्थियों ने मांग की कि BSSC की सभी लंबित परीक्षाओं का जल्द से जल्द कार्यक्रम घोषित किया जाए।
जांच और पारदर्शिता की मांग
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग भर्ती और परीक्षा प्रक्रियाओं की उच्चस्तरीय जांच है। उनका कहना है कि जब तक निष्पक्ष जांच और स्पष्ट कार्रवाई नहीं होती, तब तक युवाओं का भरोसा बहाल नहीं हो सकता। फिलहाल जेपी गोलंबर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने के संकेत दिए हैं।