भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह को जान से मारने और रंगदारी मांगने की धमकी ने पूरे फिल्म जगत को चौंका दिया है। उनके मैनेजर नीरज सिंह ने मुंबई के ओशिवारा थाने में FIR दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया है कि एक शख्स खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बता रहा था और लगातार कॉल व व्हाट्सऐप मैसेज भेजकर भारी रकम की मांग कर रहा था। धमकी में साफ कहा गया कि पवन सिंह की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है, जिससे टीम की चिंता और बढ़ गई।
धमकी देने वाले ने कहा बबलू
मैनेजर द्वारा उपलब्ध कराई गई कॉल रिकॉर्डिंग और मैसेजों से पता चलता है कि धमकी देने वाले ने अपना नाम बबलू बताया और खुद को बिश्नोई गैंग का हिस्सा बताया। उसने तंज कसते हुए कहा कि पवन सिंह “बहुत बड़ा हीरो बनने चले हैं” और सलमान खान के साथ बिग बॉस में मंच शेयर करना उनका आखिरी मौका था। आरोपी ने उपेंद्र कुशवाहा और पप्पू यादव के नाम का हवाला देकर गैंग के प्रभाव का डर दिखाने की भी कोशिश की।
पुलिस ने बढ़ाई जांच की रफ्तार
FIR दर्ज होने के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। तकनीकी टीम धमकी देने वाले के नंबरों और लोकेशन की ट्रेसिंग में लगी है। पवन सिंह की टीम ने कलाकार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है क्योंकि धमकियों में सीधे एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का नाम लिया गया है। इसी वजह से पुलिस इसे संगठित अपराध की श्रेणी में जांच रही है। मैनेजर लगातार पुलिस के संपर्क में हैं और किसी भी जोखिम से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : South Africa से सीरीज जीत के बाद भी Team India पर गिरी ICC की गाज, लगा करारा जुर्माना, जानें असली वजह
इंडस्ट्री में बढ़ी बेचैनी, फैंस ने मांगी सुरक्षा
भोजपुरी इंडस्ट्री में यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े स्टार को धमकी मिली हो, लेकिन पवन सिंह के मामले में यह अधिक खतरनाक माना जा रहा है क्योंकि इसमें सीधे बिश्नोई गैंग के जुड़ाव का दावा किया गया है। कई बड़े मामले इस गैंग से जुड़े रहे हैं, इसलिए पवन सिंह के चाहने वालों और इंडस्ट्री के लोगों में गहरी चिंता है। फैंस लगातार सोशल मीडिया पर पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके।