JEE Advanced 2026: नीट यूजी पेपर लीक और सीबीएसई ओएसएम विवाद अभी थमा नहीं था कि इसी बीच जेईई एडवांस्ड 2026 का रिजल्ट घोषित होने के ठीक बाद पोर्टल से छात्रों का पर्सनल डेटा लीक होने की खबर सामने आ रही है। इस परीक्षा का आयोजन करने वाले संस्थान आईआईटी रुड़की ने आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया है कि उनके पोर्टल से उम्मीदवारों के रिकॉर्ड और एडमिट कार्ड लीक हुए हैं। आईआईटी रुड़की के अनुसार, यह डेटा लीक क्लाउड स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में आई तकनीकी खामी की वजह से हुआ था। इसे सुधारने के लिए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कैसे सामने आया डेटा लीक का मामला?
यह पूरा मामला तब सामने आया जब एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में दावा किया गया कि जेईई एडवांस्ड 2026 रिजल्ट सिस्टम से जुड़े एक पब्लिक क्लाउड स्टोरेज को इस तरह कॉन्फिगर किया गया था कि कोई भी व्यक्ति बिना किसी वेरिफिकेशन के इसे एक्सेस कर सकता था। पोस्ट के अनुसार लीक स्टोरेज में लगभग 1,79,600 रिजल्ट रिकॉर्ड और लगभग 1,87,300 एडमिट कार्ड पीडीएफ मौजूद थे। इस डेटा में छात्रों के नाम, जन्म तिथि (DOB), मोबाइल नंबर, विषयवार नंबर, रैंक और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां शामिल थीं। रिसर्चर ने इसके सबूत के तौर पर स्क्रीनशॉट भी शेयर किए।
IIT रुड़की ने क्या कहा
आईआईटी रुड़की ने इस मामले को लेकर एक पर पोस्ट करते हुए रिसर्चर्स को समस्या की सूचना देने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने इस तकनीकी खामी को स्वीकार करते हुए कहा कि यह गड़बड़ी क्लाउड स्टोरेज की सेटिंग्स (कॉन्फिगरेशन) में चूक के कारण हुई थी। इसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है। संस्थान ने बताया कि यह डेटा केवल 'रीड-ओनली' मोड में था, यानी कोई भी बाहर का व्यक्ति इस डेटा को सिर्फ देख सकता था, उसमें कोई बदलाव या छेड़छाड़ नहीं कर सकता था।
यह भी पढ़ें: CBSE Re-evaluation 2026: वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए 56,000 आवेदन, कई साइबर हमले को सीबीएसई ने किया नाकाम
इसी हफ्ते जारी किया था रिजल्ट
हालांकि, संस्थान ने अभी यह साफ नहीं किया है कि यह डेटा कब से खुला था और क्या प्रभावित छात्रों को इसकी अलग से जानकारी दी जाएगी या नहीं। बता दें, आईआईटी रुड़की ने इसी सप्ताह की शुरुआत में जेईई एडवांस्ड 2026 का परिणाम घोषित किया था, जिसके जरिए देश के प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों में दाखिला मिलता है।
छात्रों और अभिभावकों की बढ़ी चिंता
इस साल पहले से ही नीट-यूजी, सीयूईटी-यूजी और सीबीएसई परीक्षाओं में पेपर लीक और तकनीकी गड़बड़ियों के मामले सामने आए हैं। ऐसे में अब जेईई एडवांस के रिजल्ट के बाद स्टूडेंट्स के डेटा लीक का यह मामला सामने आने के बाद स्टूडेंट्स और पेरेंट्स की चिंता और बढ़ गई है।