IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले की शुरुआत बेहद चौंकाने वाली रही। गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पहली ही गेंद पर विकेट गिर गया। जोफ्रा आर्चर ने अपनी तेज और खतरनाक गेंद से फिल सॉल्ट को पवेलियन भेज दिया, जिससे RCB को शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा।
सॉल्ट के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड
इस विकेट के साथ फिल सॉल्ट के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वह IPL इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्हें मैच की पहली गेंद पर तीन बार आउट किया जा चुका है। इससे पहले भी कई बल्लेबाज पारी की पहली गेंद पर आउट हुए हैं, लेकिन मैच की पहली गेंद पर इतनी बार आउट होना बेहद दुर्लभ माना जाता है।
आर्चर की गेंद बनी काल
आर्चर ने पहली ही गेंद मिडिल स्टंप पर तेज बाउंसर फेंकी, जो अचानक उछली। सॉल्ट इस गेंद को समझ नहीं पाए और बल्ले के हैंडल के पास लगकर गेंद विकेटकीपर के हाथों में चली गई। यह विकेट सिर्फ एक गेंद का नहीं बल्कि पूरे मैच के मोमेंटम को बदलने वाला साबित हुआ।
RCB की शुरुआत हुई खराब
ओपनिंग विकेट जल्दी गिरने के बाद RCB दबाव में आ गई। शुरुआती झटके के बाद टीम संभल नहीं पाई और रन गति पर असर पड़ा। आर्चर ने यहीं नहीं रुके, बल्कि अपने अगले ओवर में एक और अहम विकेट लेकर RCB की बल्लेबाजी को और कमजोर कर दिया।
इसे भी पढ़ें : WTC में होगा बड़ा बदलाव, 9 नहीं अब 12 टीमें, ICC बना रहा नया गेम प्लान, पढ़ें अपडेट
आर्चर ने भी बनाया खास रिकॉर्ड
इस मैच में जोफ्रा आर्चर ने पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने का कारनामा तीसरी बार किया। इस उपलब्धि के साथ वह उन गेंदबाजों की खास सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने IPL में कई बार पहली गेंद पर विकेट लिया है।
रिकॉर्ड जो बन गए चर्चा का विषय
इस मुकाबले की शुरुआत ने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। एक तरफ जहां फिल सॉल्ट का नाम अनचाहे रिकॉर्ड में जुड़ गया, वहीं आर्चर की घातक गेंदबाजी चर्चा का केंद्र बन गई। यह घटना दिखाती है कि T20 क्रिकेट में एक गेंद भी मैच का रुख पूरी तरह बदल सकती है।