Car Test Drive Tips: आज के समय में देश में गाड़ियों का क्रेज बहुत तेजी से बढ़ रहा है फिर चाहे शहर हो या गांव हर तरफ सड़कों पर कारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जब भी कोई कार खरीदता है तो शोरूम जाकर टेस्ट ड्राइव लेता है और कंपनियों भी कार बुकिंग से पहले इसका पूरा मौका देती है। लेकिन अक्सर लोग टेस्ट ड्राइव के दौरान जल्दबाजी कर बैठते हैं और कुछ जरूरी बातों पर ध्यान नहीं देते हैं। जिससे बाद में उन्हें पछताना पड़ता है। अगर आप भी नई कार खरीदने जा रहे हैं, तो टेस्ट ड्राइव के दौरान इन बातों का खास ख्याल रखें।
सही सीटिंग पोजीशन और विजिबिलिटी
गाड़ी में बैठते ही समय पहले अपनी ड्राइविंग सीट को अपनी हिसाब से एडजस्ट करें और यह देखें कि स्टीयरिंग व्ही, पैडल और गियर लीवर तक आपका हाथ और पैर आसानी से पहुंच रहा है या नहीं। इसके अलावा आगे का बोनट, साइड मिरर और रियरव्यू मिरर से पीछे का ट्रैफिक साफ दिखाई दे रहा है या नहीं इसकी जांच जरूर करें। साथ ही अगर लंबी ड्राइव के दौरान आपकी पीठ या गर्जन में खिंचाव महसूस हो, तो ऐसी कार आपके लिए सही नहीं है। इसलिए सीट की कुशनिंग और एडजस्टेबिलिटी अच्छी तरह परख लें।
खराब रास्तों पर सस्पेंशन
टेस्ट ड्राइव के दौरान गाड़ी को खराब रास्तों, गड्ढों या स्पीड ब्रेकर से गुजारना चाहिए। इससे आपको गाड़ी के सस्पेंशन की असली क्वालिटी का पता चलेगा। अगर खराब रास्तों पर गाड़ी ज्यादा झटके दे या केबिन के अंदर अजीब आवाजें आएं, तो सस्पेंशन कमजोर हो सकता है। साथ ही यह भी चेक करें कि गाड़ी का ग्राउंड क्लीयरेंस कैसा है और क्या बड़े स्पीड ब्रेकर पर गाड़ी नीचे से टकराती है या नहीं।
ब्रेक्स और स्टीयरिंग का रिस्पॉन्स
टेस्ट ड्राइव के दौरान स्पीड बढ़ाकर अचानक ब्रेक लगाकर देखें कि गाड़ी कितनी जल्दी और संतुलित तरीके से रूकती है। इसके अलावा स्टीयरिंग रिस्पॉन्स भी बहुत जरूरी है। गलियों और यू-टर्न के लिए स्टीयरिंग हल्का होना चाहिए, जबकि हाईवे पर तेज रफ्तार में यह थोड़ा भारी और स्थिर होना चाहिए, ताकि गाड़ी पर पूरा कंट्रोल बना रहे।
यह भी पढ़ें: 1003 KM रेंज वाली BYD Denza N8 EV की बुकिंग शुरू; जानें चार्जिंग टाइम और फीचर्स
इंजन की आवाज और फैमिली कम्फर्ट
गाड़ी चलाते वक्त ध्यान दें कि इंजन की आवाज केबिन के अंदर कितनी आ रही है। एक अच्छी कार में बाहर का शोर और इंजन की घरघराहट कम से कम आनी चाहिए। इसके अलावा पीछे का लेगरूम, हेडरूम, सीट का एंगल और एसी वेंट्स की ठंडक कैसी है, यह परिवार के सदस्यों से जरूर पूछें।