देश के करोड़ों किसानों के लिए 20 जून का दिन बेहद अहम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की सहायता राशि सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी जाएगी। सरकार के अनुसार इस बार 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों को 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
पश्चिम बंगाल से पीएम मोदी करेंगे राशि जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान वह विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत और आधारशिला भी रखेंगे। जैसे ही प्रधानमंत्री औपचारिक रूप से किस्त जारी करेंगे, उसके बाद चरणबद्ध तरीके से किसानों के खातों में राशि पहुंचना शुरू हो जाएगी।
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से की गई थी। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता राशि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है। प्रत्येक किस्त में 2,000 रुपये सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजे जाते हैं। अब तक योजना के तहत 22 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है।
ये भी पढ़ें : कोयले से बनेगा Hydrogen और Ethanol, 65 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू; ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी
किस्त पाने के लिए e-KYC और सही बैंक डिटेल जरूरी
पीएम किसान योजना की राशि प्राप्त करने के लिए किसानों का e-KYC पूरा होना अनिवार्य है। किसान PM-Kisan पोर्टल के माध्यम से OTP आधारित e-KYC कर सकते हैं, जबकि बायोमेट्रिक e-KYC के लिए नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) की मदद ली जा सकती है। इसके साथ ही आधार नंबर, बैंक खाते और मोबाइल नंबर की जानकारी सही होना भी जरूरी है।
ऐसे करें पीएम किसान योजना के लिए आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए किसान PM-Kisan की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Farmers Corner में उपलब्ध New Farmer Registration विकल्प का चयन कर सकते हैं। इसके बाद आधार नंबर, राज्य और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करके आवेदन पूरा किया जा सकता है। दस्तावेज सत्यापन और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र किसान योजना का लाभ लेने के योग्य हो जाते हैं।
सरकार के आंकड़ों के अनुसार, पीएम किसान योजना के तहत अब तक 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.28 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। यह योजना किसानों को बिना किसी बिचौलिये के पारदर्शी तरीके से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार की एक प्रमुख पहल है।