प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन बराबर किस्तों में दी जाती है। यह राशि 2,000-2,000 रुपये की किस्त के रूप में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है। अब तक 23 किस्तें जारी हो चुकी हैं और किसान 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि इस बार कुछ किसानों को योजना का लाभ नहीं मिल सकता, अगर उन्होंने जरूरी प्रक्रियाएं पूरी नहीं की हैं।
e-KYC जरूरी
अगर आपने अभी तक e-KYC पूरी नहीं कराई है, तो आपकी अगली किस्त रुक सकती है। सरकार ने फर्जी लाभार्थियों को रोकने और केवल पात्र किसानों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए e-KYC अनिवार्य कर दिया है। आधार OTP, बायोमेट्रिक या फेस वेरिफिकेशन के बिना भुगतान सिस्टम में होल्ड पर जा सकता है। किसान नजदीकी CSC केंद्र या PM-Kisan मोबाइल ऐप के जरिए यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
भू-सत्यापन पूरा करें
24वीं किस्त अटकने की दूसरी बड़ी वजह भूमि सत्यापन (Land Seeding) का अधूरा होना है। अगर आपके PM-Kisan स्टेटस में Land Seeding के सामने "No" दिख रहा है, तो किस्त मिलने में परेशानी हो सकती है। सरकार अब केवल उन्हीं किसानों को भुगतान कर रही है, जिनकी कृषि भूमि का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सत्यापित हो चुका है। इसके लिए किसान अपने क्षेत्र के पटवारी, लेखपाल या कृषि विभाग में आवश्यक जमीन संबंधी दस्तावेज जमा कर स्टेटस अपडेट करा सकते हैं।
ये भी पढ़ें : E20 Janta Party क्या है? सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ रहा कैंपेन, जानिए क्या है इसकी मांग और क्यों हो रही चर्चा
बैंक विवरण सही रखें
योजना का पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजा जाता है। इसलिए बैंक खाते का आधार से लिंक होना और DBT सक्रिय होना जरूरी है। यदि बैंक खाता आधार से सीडेड नहीं है या NPCI से लिंक नहीं है, तो भुगतान असफल हो सकता है। इसके अलावा आवेदन में नाम, आधार संख्या या बैंक खाते की जानकारी में छोटी-सी गलती भी किस्त रुकने की वजह बन सकती है।
अभी कर लें जांच
अगर आप चाहते हैं कि 24वीं किस्त बिना किसी रुकावट के आपके खाते में पहुंचे, तो तुरंत e-KYC, Land Seeding, आधार लिंकिंग और DBT स्टेटस की जांच कर लें। साथ ही आवेदन में दर्ज सभी व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी भी एक बार जरूर सत्यापित कर लें। समय रहते इन कमियों को दूर करने पर किस्त मिलने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।