.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dad752d8d-3b85-4b17-835a-66764990a891&w=3840&q=75)
PM Kisan Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) किसानों के लिए केंद्र सरकार की सबसे बड़ी कल्याणकारी योजनाओं में से एक है। इसके तहत किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। यह राशि हर चार महीने पर 2,000 रुपये की तीन किस्तों में दी जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 2 अगस्त को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से इस योजना की 20वीं किस्त किसानों को जारी की थी। अब किसान अगली यानी 21वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं।
अक्टूबर में जारी हो सकती है अगली किस्त
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त अक्टूबर महीने में जारी की जा सकती है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। ऐसे में किसानों को कुछ जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी, ताकि उनकी अगली किस्त अटक न जाए। इसमें सबसे महत्वपूर्ण है ई-केवाईसी कराना और भूलेख का सत्यापन। अगर किसान समय पर यह प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, तो उनके खाते में अगली किस्त आने में दिक्कत आ सकती है।
यह भी देखेंःSupreme Court: रामसेतु पर सुप्रीम कोर्ट का संज्ञान, केंद्र सरकार से चार हफ्ते में जवाब तलब
गलत जानकारी से रुक सकती है किस्त
योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर किसान आसानी से ई-केवाईसी करा सकते हैं। लेकिन अगर रजिस्ट्रेशन के समय दी गई जानकारी में कोई गलती पाई जाती है, तो किस्त रोकी जा सकती है। बता दें कि इस योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से की थी, जब पहली किस्त के रूप में एक करोड़ से अधिक किसानों को 2,000 रुपये दिए गए थे। तब से अब तक सरकार 20 किस्तें किसानों तक पहुंचा चुकी है और जल्द ही 21वीं किस्त का इंतजार खत्म हो सकता है।