Ram Temple: अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज स्थापना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले पूरे शहर को सुरक्षा की दृष्टि से किले में तब्दील कर दिया गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में वीवीआईपी अयोध्या पहुंचेंगे, जिसके चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे शहर और मंदिर परिसर में सुरक्षा का अभूतपूर्व बंदोबस्त किया गया है। पुलिस, PAC, विशेष इकाइयों और कमांडो की भारी तैनाती के साथ हर संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा की कई परतें लगा दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
भारी फोर्स और अफसरों की तैनाती
सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर फील्ड स्तर की टीमों तक को समन्वित रूप से तैनात किया गया है। सुरक्षा योजना के अनुसार, 30 पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी, 90 पुलिस उपाधीक्षक, 242 उपनिरीक्षक, 1060 पुरुष निरीक्षक और 80 महिला उपनिरीक्षक अयोध्या में सुरक्षा संभाल रहे हैं। इसके साथ ही 3090 पुरुष हेड कांस्टेबल, 448 महिला हेड कांस्टेबल और यातायात विभाग के 800 से अधिक कर्मियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। भीड़ नियंत्रण, तलाशी, प्रवेश जांच और आपातकालीन प्रतिक्रिया को लेकर सभी टीमें अलर्ट मोड पर हैं।
यह भी देखेंःBJP attacks SIR controversy: विपक्ष लोकतंत्र को बाधित करना चाहता है, बाबा साहब की सोच से भी इनकार
हाई-टेक सुरक्षा, कमांडो और एंटी-ड्रोन यूनिट तैनात
कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए हाई-टेक सुरक्षा उपकरण और विशेष दल भी सक्रिय हैं। बम खोजी दस्ता, श्वान दस्ता, वीवीआईपी सुरक्षा निरीक्षण दल, अग्निशमन यूनिट और प्रतिक्रिया बल को महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है। इसके अलावा एक्स-रे मशीन, सीसीटीवी कैमरे, विशेष सुरक्षा वैन, गश्ती वाहन और एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। स्थानीय पुलिस के साथ ATS कमांडो, NSG स्नाइपर यूनिट और एंटी-ड्रोन टीम को भी मुस्तैद रखा गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। अयोध्या इस समय पूरी तरह हाई-सेक्योरिटी मोड पर है, और प्रशासन कार्यक्रम को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए चौकन्ना है।