PM Modi picked up Putin: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार को भारत पहुंच गए, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं पालम एयरपोर्ट जाकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने पुतिन को गले लगाकर गर्मजोशी से अभिवादन किया और इसके बाद उन्हें अपनी ही कार में एयरपोर्ट से साथ लेकर रवाना हुए। यह दृश्य दोनों देशों के रिश्तों की मजबूती और नेताओं की व्यक्तिगत मजबूत बॉन्डिंग को दर्शाता है। पुतिन इस बार 23वें भारत–रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आए हैं।
कौन सी कार में बैठे पुतिन?
एयरपोर्ट से निकलने के दौरान जिस गाड़ी में पुतिन और पीएम मोदी सवार थे, उसकी जानकारी अब सामने आ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें सफेद रंग की टोयोटा फॉर्च्यूनर में लेकर गए। यह मॉडल Fortuner Sigma 4 MT बताया जा रहा है, जो अपनी मजबूती और सुरक्षा सुविधाओं के लिए जाना जाता है। गाड़ी महाराष्ट्र नंबर की थी और इसका नंबर था MH01EN5795. उच्च स्तरीय सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए इस कार को पहले से सुरक्षा एजेंसियों ने क्लियर किया था।
यह भी देखेंःPutins India visit begins: दिल्ली पहुंचे पुतिन, पीएम मोदी ने खुद एयरपोर्ट पर किया गर्मजोशी से स्वागत
रणनीतिक दौरे की अहम शुरुआत
पुतिन का यह भारत दौरा रूस–यूक्रेन संघर्ष के बाद उनका पहला आधिकारिक भारतीय दौरा है, इसी वजह से यह यात्रा और भी अहम मानी जा रही है। पीएम मोदी द्वारा स्वयं एयरपोर्ट जाकर स्वागत करना और पुतिन को अपनी कार में लेकर निकलना इस दौरे के महत्व को और अधिक बढ़ाता है। शुक्रवार को दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय वार्ता होगी, जिसमें रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और तकनीकी सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। यह दौरा भारत–रूस संबंधों को एक नए चरण में ले जाने वाला साबित हो सकता है।