प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्लोवाकिया यात्रा भारत के लिए एक ऐतिहासिक कूटनीतिक उपलब्धि बन गई है। स्लोवाकिया ने पीएम मोदी को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक एवं सैन्य सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से सम्मानित किया। यह किसी विदेशी देश की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इस सम्मान को स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री ने इसे भारत के 140 करोड़ नागरिकों और भारत-स्लोवाकिया की मजबूत मित्रता को समर्पित किया।
PM मोदी ने जताया स्लोवाकिया का आभार
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ब्रातिस्लावा में यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने स्लोवाकिया की सरकार और वहां के नागरिकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सम्मान दोनों देशों के बीच गहरी और लंबे समय से चली आ रही दोस्ती का प्रतीक है।
भारत-स्लोवाकिया संबंधों को मिलेगी नई मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने को लेकर विस्तृत बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच विनिर्माण, परिवहन, नवाचार, निवेश, ऊर्जा, जैव ईंधन और डिजिटल प्रौद्योगिकी जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। साथ ही लोगों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी।
ये भी पढ़ें : Petrol की जगह Ethanol का बढ़ता इस्तेमाल, लेकिन 1 लीटर ईंधन के पीछे छिपी है पानी की बड़ी कहानी
भारतीय प्रधानमंत्री की पहली स्लोवाकिया यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला आधिकारिक स्लोवाकिया दौरा है। उनकी यह यात्रा यूरोप दौरे का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारत के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को नई दिशा देना है।
स्लोवाकिया के उद्योगपतियों को भारत में निवेश का न्योता
अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी ने स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो की मौजूदगी में देश के प्रमुख उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने व्यापारिक साझेदारी को मजबूत करने, निवेश बढ़ाने और तकनीक, विनिर्माण एवं नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने भारत में तेजी से हो रहे आर्थिक सुधारों और बढ़ते निवेश अवसरों की जानकारी देते हुए स्लोवाकिया की कंपनियों को भारत में निवेश करने का आमंत्रण दिया।