PM Modi Sweden Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर स्वीडन पहुंच गए हैं। स्वीडिश प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी की यह यात्रा भारत और यूरोप के बीच रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है। इस दौरान दोनों देशों के बीच निवेश, व्यापार, रक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ग्रीन एनर्जी जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
द्विपक्षीय वार्ता में कई अहम मुद्दे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडिश प्रधानमंत्री के बीच होने वाली बैठक में व्यापार बढ़ाने, नई तकनीकों में सहयोग और रक्षा साझेदारी को मजबूत करने पर जोर रहेगा। दोनों नेता AI, स्पेस, स्टार्टअप्स और ग्रीन ट्रांजिशन जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने की संभावनाओं पर भी चर्चा करेंगे।
यूरोपीय बिजनेस मंच को भी करेंगे संबोधित
इस दौरे के दौरान पीएम मोदी यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। यह यूरोप के सबसे प्रभावशाली बिजनेस मंचों में गिना जाता है। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में निवेश और औद्योगिक सहयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं हो सकती हैं।
यह भी देखेंःIndian Weather Report: भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर, कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
भारत-स्वीडन व्यापारिक रिश्तों पर खास फोकस
भारत और स्वीडन के बीच आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। साल 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार 7.75 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। पीएम मोदी की यात्रा के दौरान मेक इन इंडिया, रक्षा उत्पादन और हरित ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
भारतीय संस्कृति के साथ हुआ स्वागत
स्वीडन के गोथेनबर्ग में पीएम मोदी के होटल पहुंचने पर पारंपरिक भारतीय नृत्य के जरिए उनका स्वागत किया गया। यह उनकी पांच देशों की यात्रा का तीसरा चरण है। स्वीडन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नॉर्वे के दौरे पर रवाना होंगे।