
PM Modi talks to Nepal PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से फोन पर बातचीत की और हाल ही में हुई दुखद घटनाओं पर गहरी संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने कहा कि भारत नेपाल की शांति और स्थिरता बहाल करने के प्रयासों में हमेशा उसके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने नेपाल के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर कार्की और वहां की जनता को शुभकामनाएं दीं। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए भी सुशीला कार्की को बधाई दी थी।
महिला सशक्तिकरण का उदाहरण बताई कार्की की नियुक्ति
पीएम मोदी ने हाल ही में मणिपुर की राजधानी इंफाल में एक जनसभा के दौरान कहा था कि नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री बनना महिला सशक्तिकरण का शानदार उदाहरण है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और नेपाल साझा इतिहास, आस्था और संस्कृति से गहराई से जुड़े हुए हैं और यही रिश्ता दोनों देशों की दोस्ती को मजबूत बनाता है। मोदी ने विश्वास जताया कि सुशीला कार्की नेपाल में शांति, स्थिरता और समृद्धि की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगी।
यह भी देखेंःElection Commission: चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को बताया झूठा और बेबुनियाद
सियासी संकट के बाद बनीं अंतरिम प्रधानमंत्री
सुशीला कार्की की नियुक्ति ने नेपाल की राजनीतिक उथल-पुथल को खत्म करने में बड़ी भूमिका निभाई है। सोशल मीडिया पर पाबंदी लगाने के खिलाफ देशभर में आंदोलन हुआ था, जिसके चलते पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल, सेना और युवा प्रदर्शनकारियों के बीच हुई बैठक में कार्की को अंतरिम सरकार की बागडोर सौंपी गई। नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश रह चुकीं कार्की का यह कदम न केवल देश की राजनीति में स्थिरता लाने की उम्मीद जगाता है, बल्कि नेपाल में महिला नेतृत्व की एक नई मिसाल भी पेश करता है।