सर्दियों में हीटर और गीजर, तो गर्मियों में एसी और फ्रिज के चलते बिजली का बिल हर परिवार की बड़ी चिंता बन जाता है। इसी परेशानी से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की। फरवरी 2024 में लॉन्च हुई इस योजना का मकसद आम लोगों को महंगे बिजली बिल से स्थायी राहत देना है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 25 लाख से ज्यादा परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं और उनका बिजली बिल लगभग जीरो हो गया है। साफ है कि यह योजना सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रही बल्कि जमीनी स्तर पर असर दिखा रही है।
एक करोड़ घरों का बड़ा लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना को खास तौर पर मध्यम और निम्न वर्ग के परिवारों को ध्यान में रखकर शुरू किया। सरकार का लक्ष्य है कि साल 2027 तक देश के एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएं। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलती है। इसके साथ ही सोलर पैनल लगाने पर सरकार 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी भी देती है। यही वजह है कि योजना को देशभर में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
ये भी पढ़ें : नया साल आएगा लेकिन नई सैलरी मिलेगी या नहीं, 8वें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों की सबसे बड़ी उलझन
इन राज्यों में सबसे ज्यादा फायदा
सरकारी आंकड़ों के अनुसार गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश इस योजना में सबसे आगे हैं। गुजरात में करीब 4.93 लाख, महाराष्ट्र में 3.63 लाख और उत्तर प्रदेश में 3.02 लाख घरों में सोलर पैनल लग चुके हैं। इसके अलावा केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश में भी बड़ी संख्या में परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं। सोलर पैनल से न सिर्फ बिजली बिल कम हुआ है बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिला है। यही कारण है कि हर महीने नए लाभार्थियों की संख्या बढ़ती जा रही है।
25 साल तक बिजली की चिंता खत्म
पीएम सूर्य घर योजना की सबसे बड़ी ताकत इसकी लंबी अवधि है। एक बार सोलर पैनल लगवाने के बाद करीब 25 साल तक बिजली बिल से राहत मिल सकती है। सरकार बिजली खपत के अनुसार सब्सिडी देती है, जिससे शुरुआती खर्च भी काफी कम हो जाता है। आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी तरह ऑनलाइन और आसान है। पोर्टल पर आवेदन करने के बाद अप्रूवल, इंस्टॉलेशन और सब्सिडी सीधे बैंक खाते में मिल जाती है। कुल मिलाकर यह योजना उन परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है जो हर महीने बिजली बिल से परेशान रहते थे।