अगर आप अपना छोटा बिजनेस शुरू करना चाहते हैं और पैसों की कमी रुकावट बन रही है, तो पीएम स्वनिधि योजना आपके लिए बड़ी मदद साबित हो सकती है। मोदी सरकार ने छोटे व्यापारियों, खासकर रेहड़ी-पटरी वालों की आर्थिक सहायता के लिए इस योजना की शुरुआत कोरोना महामारी के समय की थी, जब इनका कामकाज पूरी तरह ठप हो गया था। पहले इस योजना में 80,000 रुपये तक का लोन मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 90,000 रुपये कर दिया गया है। खास बात यह है कि इस पूरे लोन के लिए किसी भी तरह की गारंटी जमा नहीं करनी होती और प्रक्रिया भी बहुत आसान है।
पीएम स्वनिधि योजना का विस्तार
सरकार ने अगस्त 2025 में पीएम स्वनिधि योजना को विस्तार देने का फैसला किया। अब यह योजना 31 मार्च 2030 तक चलेगी और इसे आवास एवं शहरी मामलों का मंत्रालय और वित्त सेवाओं का विभाग मिलकर संचालित करेगा। लोन तीन चरणों में दिया जाता है पहली किस्त 15,000 रुपये, दूसरी 25,000 रुपये और तीसरी 50,000 रुपये की होती है। पहली किस्त समय पर चुकाने पर ही दूसरी किस्त का लोन मिलता है और उसी तरह दूसरी किस्त समय पर चुकाने के बाद ही तीसरी किस्त स्वीकृत होती है। यानी पूरी राशि आपकी क्रेडिट हिस्ट्री और समय पर भुगतान पर निर्भर करती है।
ये भी पढ़ें : सरकार ने मुफ्त राशन सूची से 2.25 करोड़ नाम हटाए, अब e-KYC अनिवार्य, जानिए पूराअपडेट
आधार कार्ड के आधार पर लोन
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि 90,000 रुपये तक का पूरा लोन सिर्फ एक डॉक्यूमेंट आधार कार्ड के आधार पर मिल जाता है। आवेदन करते समय न कोई जमानत देनी होती है और न ही भारी कागजी कार्रवाई की जरूरत पड़ती है। लोन को आराम से EMI के जरिए चुकाया जा सकता है। सरकार का कहना है कि जो भी लाभार्थी समय पर लोन चुकाते हैं, उन्हें आगे की किस्त आसानी से मिल जाती है, जिससे वे अपना बिजनेस धीरे-धीरे बढ़ा सकते हैं और स्थायी आय का स्रोत तैयार कर सकते हैं।
68 लाख से ज्यादा लोगों को लाभ
PM Svanidhi Yojna के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी बेहद सरल है। किसी भी सरकारी बैंक में जाकर फॉर्म भरें, आधार कार्ड की कॉपी संलग्न करें और जानकारी की जांच के बाद बैंक लोन अप्रूव कर देता है। इसके बाद तीन किस्तों में राशि सीधे खाते में आनी शुरू हो जाती है। 30 जुलाई 2025 तक देशभर में 68 लाख से ज्यादा लोगों को इस योजना का लाभ मिला है और कुल 96 लाख से अधिक लोन बांटे जा चुके हैं। सरकार के अनुमान के अनुसार, लोन की सीमा बढ़ाए जाने से 1.15 करोड़ से ज्यादा रेहड़ी-पटरी वाले लोगों को सीधा फायदा मिलेगा और छोटे व्यवसाय फिर से मजबूत हो पाएंगे।