PML-N performs: पाकिस्तान में हुए उपचुनावों में सत्ता पक्ष पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (PML-N) ने जबरदस्त बढ़त हासिल की है। अनौपचारिक नतीजों के अनुसार, PML-N ने नेशनल असेंबली और पंजाब प्रांतीय असेंबली की कुल 13 में से 12 सीटों पर कब्जा जमाया। यह नतीजे पीएमएल-एन के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माने जा रहे हैं, खासकर ऐसे समय में जब देश की राजनीति अस्थिरता और आर्थिक संकट से गुजर रही है।
नेशनल असेंबली की सीटों पर बढ़त
नेशनल असेंबली की छह सीटों पर मतदान कराया गया था, जिनमें हरीपुर (NA-18), फैसलाबाद (NA-96, NA-104), लाहौर (NA-129), साहीवाल (NA-143) और डेरा गाजी खान (NA-185) शामिल थीं। इनमें से पांच सीटें PML-N के खाते में गईं, जबकि हरीपुर सीट पर भी पार्टी ने बढ़त बनाई। उपचुनाव के नतीजों ने पंजाब में नवाज़ शरीफ की पार्टी की पकड़ को और मजबूत कर दिया।
पंजाब असेंबली में दबदबा
पंजाब प्रांतीय असेंबली की सात सीटों पर हुए उपचुनाव में भी PML-N का दबदबा साफ दिखाई दिया। सरगोधा, मियांवाली, फैसलाबाद और साहीवाल की सीटों पर पार्टी ने आसानी से जीत दर्ज की। केवल मुज़फ्फरगढ़ की सीट (PP-269) पर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) ने जीत दर्ज की, जहां मियां आलमदार अब्बास कुरैशी विजेता बने। बाकी सभी सीटें PML-N ने अपने नाम कीं।
यह भी देखेंःMohan Bhagwat के सामने Yogi का बड़ा ऐलान: घुसपैठ-धर्मांतरण पर UP में अब होगा कड़ा प्रहार, दी ये चेतावनी !
PTI ने चुनाव में नहीं लिया हिस्सा
इन उपचुनावों में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने अधिकतर सीटों पर हिस्सा नहीं लिया। पार्टी के कई सांसदों को 9 मई की हिंसा से जुड़े मामलों में अयोग्य करार दिए जाने के बाद ये चुनाव कराए गए थे। PTI की गैर-भागीदारी ने सीधे तौर पर चुनावी मैदान को PML-N और PPP के लिए आसान बनाया।
कम वोटिंग, शांतिपूर्ण मतदान
दुनिया न्यूज के अनुसार, उपचुनावों में वोटिंग प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा, लेकिन मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। वहीं, जीत के बाद PML-N समर्थकों ने कई इलाकों में मिठाइयां बांटकर और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। इन नतीजों के बाद माना जा रहा है कि पंजाब और राष्ट्रीय राजनीति में PML-N की पकड़ और मजबूत होगी।