Khan Sir Coaching: बिहार की राजधानी पटना में खान सर की कोचिंग और ज्ञान बिंदु कोचिंग के विवाद और फायरिंग मामले में एक नया और बड़ा ट्विस्ट सामने आया है। इस मामले में पटना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खान सर की कोचिंग के दो गार्ड्स को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का दावा है कि विवाद के दौरान खान सर के ही गार्ड्स ने फायरिंग की थी।
एक शख्स ने बनाया था वीडियो
आपको बता दें कि खान सर ने दावा किया था कि उनकी कोचिंग के बाहर करीब 10 राउंड फायरिंग हुई है। लेकिन पटना पुलिस ने फायरिंग की बात से साफ इनकार कर दिया था, जिसके बाद खान सर ने भी अपने बयान से यू-टर्न ले लिया था। लेकिन रोशन आनंद की कोचिंग के लोगों और खान सर की कोचिंग के लोगों के बीच हुई मारपीट के दौरान खान सर के ही गार्ड्स ने फायरिंग की थी। इस घटना का एक शख्स ने वीडियो बना लिया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बनाने वाले शख्स को पकड़ लिया था और उसके मोबाइल से वीडियो को डिलीट भी करवा दिया था। लेकिन डिलीट होने के बावजूद यह वीडियो किसी तरह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में खान सर की कोचिंग के ही गार्ड्स फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पटना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और फायरिंग करने वाले खान सर की कोचिंग के दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: JEE Advanced 2026: जेईई एडवांस्ड के 1.79 लाख छात्रों का पर्सनल डेटा लीक, IIT रुड़की ने मानी गलती
24 घंटे से कम में ही अपने बयान से पलट गए
आपको बता दें कि पटना के मुसल्लहपुर में खान सर का कोचिंग सेंटर है। खान सर के इस कोचिंग सेंटर पर 2 जून की रात को मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। इसका आरोप ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों पर लगा था। खान सर ने फायरिंग का आरोप भी लगाया था। लेकिन पटना पुलिस को दी गई शिकायत में खान सर ने फायरिंग की घटना को कोई जिक्र नहीं किया था। 24 घंटे से कम में ही अपने बयान से पलट गए थे।
कोचिंग संस्थानों की आपसी प्रतिस्पर्धा
वहीं पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि घटना के पीछे दो कोचिंग संस्थानों की आपसी प्रतिस्पर्धा है। बता दें कि खान सर और रोशन आनंद दोनों के ही कोचिंग सेंटर में प्रतिद्वंद्विता रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।