
Policemen Divided the Money: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से पुलिस महकमे को हिला देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि हवाला के करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपये की रकम पुलिसवालों ने बरामद करने के बाद खुद ही आपस में बांट ली। यह घटना 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात बंडोल थाना क्षेत्र के NH-44 पर हुई। घटना में शामिल SDOP पूजा पांडे समेत कुल 10 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। व्यापारी की शिकायत के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिससे पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
कैसे हुआ पूरा वाकया
जानकारी के अनुसार, SDOP पूजा पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम रात में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि कटनी से नागपुर जा रही एक कार में हवाला के करोड़ों रुपये हैं। जब पुलिस ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो चालक भागने लगा। पीछा करने पर कार सीलादेही इलाके में पकड़ी गई। गाड़ी से करीब डेढ़ करोड़ रुपये बरामद हुए। आरोप है कि पुलिस ने व्यापारी को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया और रकम आपस में बांट ली। अगली सुबह व्यापारी खुद कोतवाली पहुंचा और पुलिस पर करीब 3 करोड़ रुपये लूटने का आरोप लगाया।
एक्शन में आई पुलिस, जांच जारी
शिकायत के बाद IG प्रमोद वर्मा ने जांच का जिम्मा जबलपुर के एडिशनल SP आयुष गुप्ता को सौंपा। रिपोर्ट के आधार पर DGP कैलाश मकवाना ने SDOP पूजा पांडे को सस्पेंड कर दिया, जबकि अन्य नौ पुलिसकर्मियों को IG प्रमोद यादव ने निलंबित किया। सिवनी SP सुनील मेहता ने बताया कि पुलिसकर्मियों का आचरण संदिग्ध पाया गया है, क्योंकि जब्त किए गए 1.45 करोड़ रुपये की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी। फिलहाल व्यापारी पुलिस की हिरासत में है और यह जांच का विषय बना हुआ है कि रकम वास्तव में कितनी थी—1.45 करोड़ या 3 करोड़ रुपये।