Politics heats up over: पश्चिम बंगाल में TMC विधायक हुमायूं कबीर द्वारा नई बाबरी मस्जिद की नींव रखने के ऐलान के बाद राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है। इस विवाद पर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बाबर का ऐतिहासिक अस्तित्व समाप्त हो चुका है और बाबरी मस्जिद भी अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद इतिहास का हिस्सा है। विज ने विधायक के बयान को भड़काऊ करार देते हुए कहा कि ऐसे बयान समाज में अनावश्यक तनाव पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि इस्लाम में पुनर्जन्म की अवधारणा नहीं है, इसलिए मस्जिद के "पुनर्जन्म" जैसी बातें केवल भ्रम फैलाने वाली हैं।
भड़काऊ बयान की आलोचना
अनिल विज ने हुमायूं कबीर पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग अपने ही धर्म के सिद्धांतों से अनजान हैं, वे इस तरह के बयान देकर केवल माहौल बिगाड़ते हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या विवाद पर देश की सर्वोच्च अदालत का फैसला अंतिम है और सभी समुदाय उसे स्वीकार भी कर चुके हैं। ऐसे में नई बाबरी मस्जिद की नींव रखने का मुद्दा उठाना शांति और सौहार्द के खिलाफ प्रयास जैसा है। विज ने कहा कि कुछ नेता केवल सुर्खियां बटोरने के लिए ऐसे विवादित बयान देते हैं।
यह भी देखेंःCyclone Ditwa: श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद भारत की ओर बढ़ रहा चक्रवात दित्वा
6 दिसंबर को नींव रखने का एलान
TMC विधायक हुमायूं कबीर ने घोषणा की है कि 6 दिसंबर को मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखी जाएगी। इस कार्यक्रम के पोस्टर भी जिले में लगाए गए हैं। विधायक ने कहा कि अगर सरकार बाबर के नाम पर मस्जिद बनाने पर रोक लगाए तो वे नया नाम रखने पर विचार करेंगे, लेकिन फिलहाल वे अपने फैसले पर अड़े हुए हैं।
बीजेपी का विरोध
इस पर बीजेपी नेताओं ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह बयान बंगाल में अस्थिरता फैलाने और धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल पर आपत्ति नहीं है, लेकिन बाबर के नाम को 6 दिसंबर की तारीख से जोड़ना सुप्रीम कोर्ट के आदेश और संविधान की मर्यादा को चुनौती देने जैसा है।